उत्तर प्रदेश : दिन भर हुई बारिश ने ली 15 की जान

दिन भर हुई तेज बारिश से कई मकान धराशायी हो गये तो कई इलाकों में दीवार गिरीं और लोग उसके नीचे दबगर कर मारे गए। हरदोई में बारिश के दौरान बेनीगंज क्षेत्र में सिकरी मजीठा गांव में दीवार गिरने से एक वृद्ध व दो बच्चों समेत तीन की मौत हो गयी जबकि जिले के कछोना इलाके के कुरियाना गांव में दीवार गिरने से एक अन्य महिला की मृत्यु हो गयी।
उधर प्रतापगढ़ में भारी बारिश के कारण जिले के उदयपुर इलाके के किसुनगढ गांव में एक मिट्टी की दीवार ढह जाने से दो लोगों की मृत्यु हो गयी। जबकि जिले के ही बाघराय इलाके में दीवार गिरने से एक व्यक्ति की मृत्यु हो गयी। गांव वालों का कहना था कि बारिश इतनी जबरदस्त थी कि दीवार गिरने के बाद भी कई घंटों तक मलबा नहीं हटाया जा सका जिससे नीचे दबे व्यक्ति की मौत हो गयी। उधर महेशगंज इलाके के विन्धन गांव में भी एक दीवार गिरी जिससे एक व्यक्ति बुरी तरह से घायल हो गया। कौशाम्बी भी बारिश के कहर से अछूता नहीं रहा वहां भी मंझनपुर इलाके में बारिश के दौरान बिजली गिरने से भैंस चराने गये गंगा प्रसाद मिश्र नाम के व्यक्ति की मौत हो गयी।
पास ही के इब्राहिमपुर गांव में दीवार गिरने से गंगादीन की तथा औसा गांव में लवकुश की मौत हो गयी। फ्र्रखाबाद में भी बारिश की वजह से एक महिला समेत दो बच्चों की मौत हो गयी। जिले के जहानगंज क्षेत्र में बारिश के दौरान दीवार ढह जाने से जहांगीरपुर गांव में साजिया बेगम व उसके चार साल के बेटे तायरे आलम और एक साल की मासूम बेटी कहकसा की मृत्यु हो गयी। उधर बलिया के हल्दी व दुभर इलाकों में बाढ़ के दौरान कई इलाकों में पानी भर गया। इसी पानी में नहाने गया एक किशोर डूब गया जबकि वहीं पास में दीवार ढहने से दो युवकों की मृत्यु हो गयी। जिला प्रशासन की मृतक आश्रितों एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।












Click it and Unblock the Notifications