स्वतंत्रता दिवस पर धमाके की साजिश नाकाम, आरडीएक्स बरामद

स्वतंत्रता दिवस पर देश को धमाकों से हिला देने की बड़ी साजिश्ा थी। मगर आजादी के जश्न वाले दिन वादियों में धमाके की होने वाली गूंज को सुरक्षा एजेंसियों ने रोक लिया और सेना के जवानों ने बड़गाम जिले में 46 किलो आरडीएक्स बरामद कर आतंकियों के नापाक इरादों को नाकाम कर दिया। सेना को यह सफलता शनिवार को मिली। स्वतंत्रता दिवस से महज दो दिन पूर्व भारी मात्रा में आरडीएक्स बरामद होने से सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े हो गये हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भारी मात्रा में आरडीएक्स की बरामदगी के बाद वादी में सुरक्षा प्रबंध और कड़े कर दिए गए हैं। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल जेएस बरार ने बताया कि किलो फोर्स को सूचना मिली कि आतंकियों ने स्वतंत्रता दिवस के दौरान बड़ी वारदात को अंजाम देने की साजिश रची है। आतंकियों ने बड़गाम जिले में जेनाकोट के पास दुरमुरा इलाके में विस्फोटक छिपा रखा है।
इसके बाद सेना ने तलाशी अभियान चलाया। इसमें खोजी कुत्तों की मदद ली गई। दुरमुरा में आतंकियों ने जमीन के नीचे विस्फोटक को छिपाया था। जवानों ने करीब 46 किलो आरडीएक्स और एक आइइडी बरामद की। आपको बताते चलें कि इससे पूर्व भी स्वतंत्रता दिवस पर घाटी को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। ऐसे में सेना की सजगता से एक बड़ा हादसा होते होते टल गया।












Click it and Unblock the Notifications