राहुल गांधी बने यूपी के सीएम की कुर्सी के दावेदार

पिछले कुछ महीनों ने राहुल गांधी में कई ऐसे उदाहरण पेश किए जिससे विपक्षियों के होश उड़े गए। चाहे भटटा पारसौल में सवेरे अचानक पहुंच जाना हो या फिर अलीगढ़ की महापंचायत के लिए पदयात्रा। यह दोनों ही कार्यक्रम ऐसे थे जिसके बारे में कोई पूर्व सूचना नहीं थी बस अचानक राहुल इलाके में पहुंचे और जनसम्पर्क करना शुरू कर दिया। राहुल ने भटटा पारसौल में पहली बार उस वक्त कदम रखा जब इलाके में धारा 144 लगी थी लेकिन सेवेर चार बजे राहुल के अकेले पहुंच जाने से मुख्यमंत्री मायावती तक सकते में आ गयीं।
उसके बाद जब भट्टा पारसौल में राहुल की महापंचायत के लिए यूपी सरकार ने इजाजत नहीं दी तो राहुल ने भट्टा से अलीगढ़ तक पदयात्रा कर ढेरों किसानों को अपने साथ बुला लिया। इन बातों के विपरीत कांग्रेस एक बड़ा दांव लगाना चाह रही है। गांधी परिवार के युवराज को प्रधानमंत्री की कुर्सी पर नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश की कुर्सी पर बैठाने की तैयार चल रही है। हालांकि राहुल के प्रधानमंत्री के लिए मनमोहन सिंह तक अपनी कुर्सी छोडऩे की बात कर चुके हैं। ऐसे में राहुल का यूपी की कुर्सी पर बैठने की बात करना कुछ असहज सा है लेकिन हकीकत यही है।
कांग्रेस ने एक बहुराष्ट्रीय कम्पनी नेल्सन को प्रदेश में सर्वे का काम सौंपते हुए यह पता लगाने को कहा है कि कितने प्रतिशत लोग ऐसे हैं जो राहुल को यूपी के मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं। गुपचुप ढंग से चल रहे इस सर्वे की खबर राजनैतिक गलियारों तक न पहुंचे इसके लिए बकायदा पुख्ता इंतजाम किए गये हैं। छह पन्नों वाली इस प्रश्नोत्तरी में राहुल के अलावा भी कई नेताओं के नाम लिखे गए हैं जिसमें राजनाथ सिंह, मुलायम सिंह यादव, उमा भारती, कल्याण सिंह, मायावती, रीता बहुगुणा जोशी, प्रमोद तिवारी, सलमान खुर्शीद, कलराज मिश्र व सूर्य प्रताप शाही शामिल हैं।
इसके साथ ही जनता से यह प्रश्न भी किया जा रहा है कि उन्हें कौन से पार्टी सबसे बेहतर लगती है। ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि यदि किसी को शक हो तो उसे ऐसा लगे कि यह किसी कम्पनी द्वारा एक्जिट पोल किया जा रहा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार यह कार्य कांग्रेस द्वारा ही कराया जा रहा है। पार्टी का ऐसा मानना है कि यदि जनता में राहुल की लोकप्रियता का लाभ कांग्रेस को मिलता है तो फिर राहुल के मुख्यमंत्री बनने में कोई समस्या नहीं है। राहुल यदि राजनीति की मुख्यधारा में मुख्यमंत्री पद से शुरूआत करें तो पार्टी के बेहतर ही होगा।












Click it and Unblock the Notifications