लोकपाल बिल के लिए अन्ना हजारे ने लगाई सांसदों से गुहार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अन्ना ने मंगलवार को सांसदों को एक खुला पत्र लिखा जिसमें उन्होंने कहा कि संसद में इतना कमजोर बिल लाना संसद व सांसद दोनों का अपमान है। उन्होंने कहा कि उनका आंदोलन संसद के खिलाफ नहीं, बल्कि सरकार के इस कदम के खिलाफ है। इस पत्र में उन्होंने पांच बिंदुओं पर सांसदों का ध्यान खींचा है। अन्ना का कहना है कि सबसे जरूरी है कि लोकपाल के जरिए गरीब आम जनता की शिकायतें और समस्याएं कम हो सकें। इसके लिए उन्होंने अपने बिल के जरिए यह प्रस्ताव किया था कि आम लोगों को दी जाने वाली सारी सरकारी सेवाओं को समयबद्ध कर इसमें देरी करने वाले अधिकारियों को जवाबदेह बनाया जाए। ऐसा नहीं करने वाले अधिकारियों पर जुर्माना लगाया जाए। इसी तरह अन्ना ए ग्रेड से ऊपर के अफसरों को ही नहीं बल्कि सभी स्तर के सरकारी कर्मचारियों को इसमें शामिल करना जरूरी बताया है।
इसी तरह उन्होंने पत्र में प्रधानमंत्री, सांसदों और जजों को भी इसके दायरे में लाने को कहा है।
उधर, दिल्ली पुलिस ने सामाजिक कार्यकर्ता और सिविल सोसाइटी के मुखिया अन्ना हजारे को उनके प्रस्तावित 16 अगस्त के अनशन के लिए जंतर मंतर से अलग 4 स्थानों का प्रस्ताव किया है। दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता राजन भगत ने अनुसार अन्ना को राजघाट, बोट क्लब, रामलीला ग्राउंड और शहीद पार्क में से किसी एक को चुनने के लिए कहा गया है। भगत ने बताया कि यदि वे चाहे तो अशोक रोड़ औऱ रायसीना रोड के बीच की जगह को भी चुन सकते हैं। दिल्ली पुलिस ने अन्ना को बुराड़ी में भी अनशन के लिए जगह सुझाया था पर अन्ना की टीम ने उसे सिरे से नकार दिया है। अन्ना की टीम का कहना है कि बुराड़ी दिल्ली का सेंटर प्वाइंट नहीं है इसलिए बुराड़ी में अन्ना अनशन नहीं करेंगे। आपको बता दें कि पिछले साल कांग्रेस ने यही पर अपना महाधिवेशन किया था। अब देखना है कि अन्ना किस जगह पर अनशन के लिए तैयार होते हैं।












Click it and Unblock the Notifications