पार्टी के कहने पर सीट छोड़ देंगे येदुरप्पा: नितिन गडकरी

अवैध खनन के मामले में कर्नाटक के लोकायुक्त संतोष हेगड़े अपनी रिपोर्ट सरकार को पेश करने वाले हैं। इस रिपोर्ट में हेगड़े ने राज्य सरकार में अवैध खनन के घोटाले में मुख्यमंत्री येदुरप्पा सहित सरकार के 4 अन्य मंत्रियों के शामिल होने की बात कही है। हेगड़े की रिपोर्ट पेश होने से पहले ही लीक हो गई। इसके बाद हेगड़े ने राज्य सरकार पर रिपोर्ट लीक करने और फोन कॉल रिकॉर्ड करने का भी आरोप लगाया था। अपनी रिपोर्ट में हेगड़े ने बताया है कि किस तरह इस घोटाले से 14 महीने के अंदर ही राज्य सरकार को 1800 करोड़ रुपए से भी अधिक का नुकसान हुआ।
अपनी ही पार्टी के मुख्यमंत्री का इतने बड़े घोटाले में नाम आने से बीजेपी केंद्र में सरकार को घेर नहीं पा रही है। घोटालों के मामलों पर केंद्र सरकार को घेरने के लिए बीजेपी पार्टी हाईकमान येदुरप्पा की कुर्बानी दे सकती है। इसके संकेत नितिन गडकरी यह कहकर दे चुके हैं कि उन्होने येदुरप्पा से फोन पर बात की है। जिसमें येदुरप्पा ने उन्हें आश्वासन दिया है कि पार्टी हाईकमान का जो भी निर्णय होगा वो उसे मंजूर करेंगे।
इससे पहले बीएस येदुरप्पा के उस बयान से भी उनकी छुट्टी होने के संकेत मिलने लगे थे जिसमें उन्होनें पार्टी हाईकमान के खिलाफ कड़े तेवर अपनाने का फैसला किया था। अपने बयान में उन्होंने कहा था कि वे किसी भी कीमत पर मंत्रीपद से इस्तीफा नहीं देंगे और उन्हें पता है कि उनका कार्यकाल कब पूरा होगा। इसके बाद शायद पार्टी हाईकमान उन्हें मनाने का मन बनाया हो।












Click it and Unblock the Notifications