केबिनेट मंत्री ने फोकट में की मेट्रो में सवारी

मेट्रो ने ट्रांस हिंडन और दिल्ली के बीच की दूरी मिटा दी।
वैशाली-कौशांबी से मेट्रो ने द्वारका सेक्टर 21 तक के फेरे लगाने शुरू कर दिए। पंचायती राज मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने हरी झंडी दिखाकर वैशाली स्टेशन से मेट्रो को दिल्ली के लिए रवाना किया। लेकिन मेट्रो को हरी झंडी दिखाने पहुंचे पंचायती राज मंत्री बिना किसी तय कार्यक्रम के मेट्रो में सवार हो गए। उनके पीछे अफसरों और बसपाइयों की भीड़ भी लग ली। मेट्रो चलने के बाद अफसरों ने कौशांबी में ही यात्रा समाप्त करने की सहमति बनाई। डीएम, जीडीए वीसी और कुछ दूसरे अफसर कौशांबी स्टेशन पर उतर भी गए। मगर, मंत्री जी और वहां पहुंचे बसपा नेता मेट्रो का पूरा मजा लेना चाह रहे थे।
करीब 10 मिनट के इंतजार के बाद दूसरी मेट्रो में सवार होकर मंत्री का काफिला कौशांबी पहुंचा। यहां उतरे अफसर फिर उनके साथ हो लिए। उधर, डीएमआरसी के सीपीआरओ अनुज दयाल का कहना है कि उद्घाटन को लेकर पहले से ही जीडीए के साथ काफी टकराव की स्थिति बन गई थी। ऐसे में डीएमआरसी की ओर किसी तरह की रोक-टोक स्थिति को तनावपूर्ण बना सकती थी। यही कारण रहा कि हमने किसी को भी यात्रा से नहीं रोका।
गाजियाबाद से दिल्ली जाने वालों को अब जाम से नहीं जूझना पड़ेगा। वैशाली से राजीव चौक और राजीव चौक से दिल्ली एनसीआर की सीमा में कहीं भी जाना बिल्कुल आसान हो गया। यह ट्रैक मेट्रो का दूसरा सबसे लंबा रूट हो गया है। नोएडा कॉरिडोर 49 किमी लंबे रूट के साथ डीएमआरसी की सूची में पहले नंबर पर है। इसके बाद वैशाली कॉरिडोर ने जगह बना ली है। इसकी लंबाई 46 किमी है। इसके अलावा 15, 790 वर्गमीटर में तैयार वैशाली स्टेशन डीएमआरसी का सबसे बड़ा टर्मिनल स्टेशन बन गया है। वैशाली से द्वारका पहुंचने में यात्रियों को करीब 81 मिनट 22 सेकेंड का समय लगेगा।












Click it and Unblock the Notifications