महापंचायत में राहुल गांधी बोले- मैं नौटंकी नहीं करता
अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के किसानों को को जमीन के बदले मुआवजा दिलाने के लिए बुलाई गई कांग्रेस पार्टी की किसान महापंचायत में आखिरकार राहुल गांधी के दिल में लगे घाव उभर कर सामने आ ही गये। जब उनसे नहीं रहा गया तो उन्होंने कह ही दिया कि वो नौटंकी नहीं करते। असल में पिछले चार दिन की उनकी पदयात्रा को तमाम राजनीतिक पार्टियों ने नौटंकी करार दिया था।
इस पर महापंचायत में राहुल गांधी ने कहा, "जब मैं पदयात्रा पर निकला तो विरोधी दलों और नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी नौटंकी करते हैं। लोग ऐसा मानते हैं तो मानने दो, मेरी राय में राजनेता को जनता के बीच जाने की जरूरत है। अगर हर नेता किसानों के बीच आये और बात सुने तो कभी गोली चलाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। रहीं बात उत्तर प्रदेश के किसानों की तो वो जो मांग रहे हैं, वो उनका हक है और वो अपनी जगह सही हैं।"
राहुल गांधी ने कहा, "आज तक मुझे वो किसान या मजदूर नहीं मिला जो सरकार के समर्थन में खड़ा है। मैं जब किसान के पास जाता हूं, तो किसान कहते हैं कि आप फ्लाईओवर, एक्सप्रेस वे, मॉल, सड़क या कुछ भी बनायें, हमारी जमीन ले लीजिये, लेकिन हमें सही पैसा दीजिये।" राहुल ने कहा, "हम उत्तर प्रदेश में विकास के खिलाफ नहीं हैं। लेकिन यहां किसानों से जमीन रेसिंग ट्रैक, गोल्फ कोर्स, अपार्टमेंट बनाने के लिए ली जा रही हैं। मैं सड़क बनाने के खिलाफ नहीं हूं, लेकिन किसानों पर गोली चलेगी तो बर्दाश्त नहीं करुंगा।"
राहुल ने आगे कहा कि यूपी सरकार जमीन लेते वक्त किसानों से बात नहीं करती। अचानक एक दिन बिल्डर आता है और कहता है कि जमीन उसकी है। किसान कहते हैं कि कानून पुराना हो गया है। यह सही बात है कि यह कानून पुराना है। हमारी कोशिश होगी कि हम लोकसभा में आपको नया कानून दें, जिससे किसानों को फायदा मिले।
सिर्फ कानून से काम नहीं चलेगा, उसे सही ढंग से लागू भी करना होगा। रही बात केंद्र में कानून बनाने की तो हम उसे बनाने से पहले किसानों को भी शामिल करेंगे। जितना ज्ञान, जितनी समझ हमारे यूपी के किसानों में है, उतनी बड़े-बड़े अफसरों को इतनी समझ नहीं होगी। अगर हम कानून के बारे में बातचीत करें तो आपको भी शामिल करना चाहिये। यह मैंने यूपी के किसानों का मुद्दा बताया। मगर एक और बड़ी बात है। हम दिल्ली में आपसे कहते हैं कि हम आम आदमी की सरकार चलाना चाहते हैं।
राहुल ने कहा कि वो चाहते हैं कि गरीब लोगों को रोजगार दें। यहां उत्तर प्रदेश में लाखों किसानों की जमीन ली जा रही है, गरीबों की जमीन ली जा रहीहै और बिल्डर को दी जार ही है। किसानों का हक नहीं दिया जा रहा है। जो हक मांगते हैं उन पर गोलियां चलायी जाती हैं। भट्टा परसौल और टप्पल दो बड़े उदाहरण हैं। मायावती ने भट्टा के बाद नई नीति बनाई। उन्होंने कहा कि हमारी पुरानी पॉलिसी गलत थी। हम नई पॉलिसी देंगे। उसमें कई कमियां हैं। सरकार की नियत ठीक नहीं। पढ़ें- उत्तर प्रदेश की खबरें।












Click it and Unblock the Notifications