यूपी में आकाशीय बिजली गिरने से तीन की मौत
सुल्तानपुर जिले में सोमवार से ही तेज बारिश हो रही है इसी बीच गिरी आकाशीय बिजली ने लोगों में दहशत मचा दी। जिले करौंदीकला क्षेत्र के ताहिरपुर गांव में रहने वाले राजपति(45) बारिश के वक्त घर से बाहर थे। बारिश से बचने के लिए राजपति पेड़ के नीचे खड़े थे। उसी वक्त बिजली गिरी और राजपति उसकी चपेट में आ गये। बिजली गिरने से वह बुरी तरह से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गयी। मौत की जानकारी गांव वालों को बारिश बंद होने के बाद हुई।
दूसरी ओर मूसलाधार बारिश में फंसा रोहित(15) बिजली गिरने से मारा गया। लम्भुआ थानान्तर्गत रोहित (15) घर के बाहर बारिश का मजा ले रहा था लेकिन यह मजा अधिक देर तक नहीं चल सका। आकाश से बिजली गिरी और देखते ही देखते रोहित की मौत हो गयी। घर के भीतर बैठे परिजन कुछ कर पाते उससे पहले रोहित ने दम तोड़ दिया।
उधर मोतिगरपुर क्षेत्र के पाण्डेबाबा गांव में भी निवासी राम गोपाल(65) के मकान पर बिजली गिरी और मकान की छत गिर गयी। राम गोपाल उस वक्त मकान के भीतर थे और मकान ढहने वह घायल हो गये। आस-पास के लोगों ने राम गोपाल को निकालकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सालय में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी। जिला प्रशासन ने घोषणा की कि मृतकों के परिजनों को आर्थिक मदद दी जाएगी।













Click it and Unblock the Notifications