उत्तर प्रदेश: 8 पुलिसकर्मियों सहित 10 लोगों को ट्रक ने कुचला, मौत

हमारे संवाददाता से प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना अटरिया थाना क्षेत्र की है जहां थाना प्रभारी (अटरिया) पन्नालाल सरोज अन्य पुलिसकर्मियों के साथ कस्बे के बाहरी इलाके में हुए सड़क हादसे में राहत और बचाव कार्य करवा रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार ट्रक सड़क किनारे खड़े सभी पुलिसकर्मियों को कुचलता हुआ चला गया। जिले के अपर पुलिस अधीक्षक बालेन्दु भूषण सिंह ने बताया, आठ पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई। दो घायल पुलिसकर्मियों को लखनऊ के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
श्री सिंह ने बताया कि अटरिया कस्बे में एक मिनी ट्रक सड़क पर खड़े एक अन्य ट्रक से टकरा गया था। इस दुर्घटना में मिनी ट्रक में सवार दो लोगों की मौत हो गई थी। दोनों के शव ट्रक में बुरी तरह से फंस गए थे। घटना के वक्त थाना प्रभारी पन्नालाल सरोज सहित थाने के अन्य पुलिसकर्मी शवों को निकलवा रहे थे। सिंह ने कहा कि जिस ट्रक ने पुलिसकर्मियों को कुचला उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो ट्रक की रफ्तार इतनी तेज थी कि इसकी चपेट में सभी पुलिसकर्मी आ गये और किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। पुलिस का कहना है कि जख्मी पुलिसकर्मियों को आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी हालत बिगड़ती देख डाक्टरों ने लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। खबर लिखे जाने तक दोनों पुलिसकर्मियों की हालत काफी नाजुक बतायी जा रही है।
;











Click it and Unblock the Notifications