युवाओं में मोबाइल इंटरनेट की बढ़ती लोकप्रियता

एक रिपोर्ट के अनुसार, सन 2015 तक इंटरनेट का उपयोग करने के लिये पर्सनल कम्प्यूटर की बजाए मोबाइल का ज़्यादा इस्तेमाल होने लगेगा। इस समय देश में 8.10 करोड़ लोग इंटरनेट सेवाओं का प्रयोग करते हैं। इनमें से लगभग 6 करोड़ लोग इंटरनेट सेवाओं के उपयोग के लिये पीसी का प्रयोग करते हैं, जबकि 2.10 करोड़ लोग इसके लिये मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन सन 2015 में स्थिति बदल जाएगी।
उस समय तक इंटरनेट सेवाओं का उपयोग करने वालों की संख्या बढ़कर 45 करोड़ तक पहुँच जाएगी और इनमें से लगभग 35 करोड़ लोग इंटरनेट सेवाओं के उपयोग के लिये मोबाइल का उपयोग करने लगेंगे, जबकि कम्प्यूटर पर इंटरनेट का प्रयोग करने वालों की संख्या लगभग 10 करोड़ होगी। रिसर्च के अनुसार 30 प्रतिशत लोगों ने बताया कि उन्होंने पहली बार इंटरनेट का उपयोग मोबाइल फोन के ज़रिये ही किया था।
एक अन्य रिसर्च के अनुसार, हमारे देश के महानगरों में 49% लोग ऐसे हैं, जो वर्ल्ड वाइड वेब का प्रयोग केवल मोबाइल फोन के माध्यम से ही करते हैं। जबकि गैर-महानगरीय क्षेत्रों में इनकी संख्या लगभग 60% है। इंटरनेट का प्रयोग करने वालों की इस श्रेणी में 13 से 34 वर्ष तक की आयु के युवा शामिल हैं। मोबाइल के ज़रिये गूगल, वीकिपीडिया, यूट्यूब और फेसबुक जैसी वेबसाइट्स का प्रयोग सबसे ज़्यादा किया जाता है। मोबाइल पर वीडियो और म्यूज़िक डाउनलोड करने वालों की संख्या भी बहुत अधिक है। गेम्स की डाउनलोडिंग इसके बाद आती है।
यह उल्लेखनीय है कि मोबाइल वेब के लिये प्रसिद्ध कंपनियों के महंगे हैंडसेट्स का प्रयोग करने वालों की सबसे ज़्यादा संख्या भारत में ही है। दोस्तों के साथ, काम के साथ या न्यूज़ के साथ जुड़े रहने की चाहत इसका एक बड़ा कारण है।
इसके अलावा एक अन्य कारण यह भी है कि भारत में अभी भी कम्प्यूटर की पहुँच हर घर तक नहीं हो सकी है, जबकि लगभग हर घर में प्रत्येक युवा सदस्य के पास अपना मोबाइल फोन होना एक आम बात है। यही कारण है कि मोबाइल के ज़रिये इंटरनेट का प्रयोग करने वालों में युवाओं की संख्या सबसे ज़्यादा है और युवाओं के बीच मोबाइल वेब का चलन बढ़ता जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications