लश्कर ने दी अमरनाथ और वैष्णो देवी मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी

लश्कर ने एक पत्र के जरिये धमकी दी है कि वह अमरनाथ गुफा और वैष्णोदेवी मंदिर को निशाना बना चुके हैं। संगठन की ओर से धमकी दी गई है कि इस बार भक्त अमरनाथ और वैष्णो देवी की यात्रा न करें वर्ना अंजाम बहुत बुरा होगा। लश्कर की ओर से लिखे गए दो खत फगव़ाडा में शीतला माता के महंत कमल किशोर को मिले हैं। ये खत करीम अंसारी के नाम से जारी हुए हैं, जिसने खुद को लश्कर का एरिया कमांडर बताया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए महंत ने ये खत पुलिस को सौंप दिया है।
लश्कर की तरफ से लिखे गए दो खतों में से एक जम्मू-कश्मीर में मौजूद देश के दो ब़डे धार्मिक स्थलों से जु़डा है। ये दो तीर्थ श्रीनगर में मौजूद अमरनाथ गुफा और जम्मू का वैष्णो देवी मंदिर है। आतंकियों का पहला निशाना है वैष्णो देवी मंदिर। यहां हर रोज माता के दर्शनों के लिए हजारों लोग आते हैं। करीब 80 लाख लोग हर साल माता रानी के दर्शन के लिए आते हैं।
लश्कर के निशाने पर दूसरा पवित्र स्थल है अमरनाथ गुफा। श्रीनगर से करीब डेढ़ सौ किलोमीटर दूर स्थित यह पवित्र गुफा भगवान शिव के प्राकृतिक शिवलिंग के लिए जानी जाती है। इस साल की यात्रा के लिए शुरू हुई रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया के पहले 12 दिन में ही डेढ़ लाख लोग नाम दर्ज करा चुके हैं जबकि यात्रा शुरू होने में अभी करीब एक महीना बाकी है। पाकिस्तान में मची उथल-पुथल के बीच आई यह धमकी सुरक्षाबलों और प्रशासन के लिए अहम चुनौती है। इतना ही नहीं पत्र में पजाब के जलंधर रेलवे स्टेशन को भी उड़ा देने की धमकी दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications