चुड़ैल समझ महिला और उसके पति की आंख फोड़ दी, जीभ काट डाला

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिल दहला देने वाली यह बात राजधानी रायपुर से लगभग 150 किलोमीटर दूर कसडोल थाना क्षेत्र के अंतर्गत सौरा गांव में हुई। ग्रामीणों ने गांव में रहने वाली दलित महिला श्यामकुंवर बंजारे (45) पर डायन होने का आरोप लगाया और कैंची से उसकी तथा उसके पति मंशाराम बंजारे (50 वर्ष) की आंखें फोड़ दीं। आरोपियों ने महिला की जीभ भी काट दी।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को श्यामकुंवर और मंशाराम अपने घर में आराम कर रहे थे कि तभी गांव में रहने वाले लगभग दर्जन भर लोग घर में घुस गए। उन्होंने श्यामकुंवर पर डायन होने का अरोप लगाया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि श्यामकुंवर के कारण उन्हें आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है और लगातार उनकी तबीयत भी खराब रहती है। उन्होंने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। श्यामकुंवर की पिटाई के दौरान जब उसके पति मंशाराम ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने कैंची से पति-पत्नी की आंखें फोड़ दीं तथा बाद में श्यामकुंवर की जीभ भी काट दी।
सूचना पाकर पुलिस दल गांव पहुंचा और पति़-पत्नी को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही गांव में तनाव फैल गया। वहां मौजूद पुलिस अधिकारियों ने इसकी सूचना अपने वरिष्ठ अधिकारियों को दी। किसी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए गांव में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने घटना के बाद गांव में घेराबंदी की और सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य पांच आरोपियों की खोज की जा रही है।
;











Click it and Unblock the Notifications