मध्य प्रदेश: ट्रेन के सात डिब्बे खाई में गिरे, 25 घायल

प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह विदिशा के सौराई स्टेशन के पास मुम्बई से लखनऊ आ रही उद्योगनगरी एक्सप्रेस के सात डिब्बे अचानक पटरी से उतर गये। सात डिब्बों में से तीन डिब्बे गहरी खाई में जा गिरे जिसमें तीन गर्भवती महिलाओं सहित 25 लोग गंभीर रुप से जख्मी हो गये। अधिकारियों का कहना है कि पटरी टूटी होने के चलते यह हादसा हुआ। मालूम हो कि सौराई स्टेशन विदिशा और गंजबासौदा के बीच है।
ट्रेन हादसे की खबर सुनते ही रेलवे प्रशासन में हड़कम्प मच गया। फौरन आला अधिकारी, जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और बचाव कार्य शुरु कर दिया। सभी लागों को डिब्बे से बाहर निकाला गया और अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस की मानें तो कुछ लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया मगर 25 लोग अब भी गंभीर रूप से घायल हैं।
मध्य रेलवे के प्रवक्ता अनिल कुमार सक्सेना ने कहा कि इस दुर्घटना में 12 लोग घायल हुए हैं जिनमें से पांच की हालत गंभीर है। उन्होनें कहा कि एक चिकित्सा दल घटना स्थल पर पहुंच गया है और घायलों को विदिशा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हादसे के कारण भोपाल और दिल्ली को जोड़ने वाले मार्ग पर रेल यातायात में बाधा आई है।












Click it and Unblock the Notifications