बंगाली शेरनी नहीं 'गूंगी गुड़िया' हैं ममता बैनर्जी : प्रकाश करात

ताजा हमला हुआ है देश की रेल मंत्री ममता बैनर्जी पर, जिनको मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के दिग्गज नेता प्रकाश करात ने 'गूंगी गुड़िया' करार दिया है, करात ने कहा कि वो कौन है जो उन्हें बंगाली शेरनी कहता है, वो तो गूंगी गड़िया है। वह महंगाई के मुद्दे पर केन्द्र सरकार का विरोध नहीं करती। बंगाल में शेरनी जैसे दहाड़ने वाली ममता दिल्ली में चुप रहती हैं। उनका शोर केवल बंगाल में चलता है, दिल्ली में तो उनकी बोलती बंद रहती है।
करात ने मंगलवार शाम आयोजित एक चुनावी रैली में कहा कि ममता बंगाल में लेफ्ट द्वारा किए जा रहे हर काम का विरोध कर रही हैं। लेकिन जब यूपीए सरकार पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ाती है, तब वह कुछ नहीं कहती..दिल्ली में उनकी आवाज नहीं सुनी जाती। राष्ट्रीय राजधानी में वह "गूंगी गुडिया" हैं।"
आपको बता दें कि इस समय बंगाल में छह चरणों में मतदान हो रहा है। एक चरण का मतदान हो चुका है और पांच दौर होना बाकी हैं। ऎसे में राजनीतिक पार्टियां वोट मांगने के लिए विपक्षी पार्टियों पर निशाना साध रही हैं। फिलहाल ममता की ओर से इस टिप्पणी पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है।
यहां आपको बता दें कि समाजवाद के जनक कहे जाने वाले नेता राम मनोहर लोहिया ने वर्ष 1966 में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को 'गूंगी गुडिया कहा था। लेकिन इंदिरा जी ने वक्त आने पर अच्छे-अच्छों की बोलती बंद कर दी थी। देखना दिलचस्प होगा कि ममता का जवाब क्या होता है। वैसे भी पूरा मीडिया जगत हैरान है कि कल शाम ममता पर वार हुआ और सोमवार रात राजधानी एक्सप्रेस के साथ इतनी बड़ी दुर्घटना घटी लेकिन अभी तक ममता की ओर से कोई बयान जारी नहीं हुआ।
खैर उम्मीद की जा रही है कि आम जनता का तो ख्याल भले ही ममता को ना हो लेकिन अपनी इज्जत को तो जरूर होगा, इसलिए प्रकाश करात की टिप्पणी पर उनका जरूर जोरदार जवाब आयेगा।












Click it and Unblock the Notifications