अब उत्तर प्रदेश चुनाव में जोर आजमाएंगे लालू यादव

पिछले वर्ष बिहार विधानसभा चुनावों में मिली शिकस्त को दरकिनार करते हुए राष्ट्रीय जनता दल के मुखिया लालू प्रसाद यादव उत्तर प्रदेश के चुनाव में सक्रिय होने का मन बना चुके हैं। राजद की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अशोक सिंह का कहना है कि 'पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने राज्य में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनावों में हर सीट पर अपना उम्मीदवार उतारने का फैसला किया है।
श्री सिंह का कहना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का निर्देश है कि प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार उतारे जाएं तथा उम्मीदवारों का चयन जल्द से जल्द किया जाए। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय नेतृत्व ने निर्देश दिया है कि उम्मीदवारों की चयन प्रक्रिया पूरी कर सूची उपलब्ध करा दी जाए। श्री सिंह ने कहा कि चयन सूची को अंतिम रूप केन्द्रीय नेतृत्व ही देगा।
प्रदेश राजद अध्यक्ष ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देशानुसार पार्टी की प्रदेश इकाई के सभी पदाधिकारियों एवं जिला अध्यक्षों को हिदायत दे दी गयी है कि वे 15 दिन के भीतर उन संभावित उम्मीदवारों के नाम बता दें जो विधान सभा चुनाव में पार्टी की ओर से मजबूत दावेदारी पेश कर सकते हों।












Click it and Unblock the Notifications