बसपा का भाजपा पर पलटवार, कहा ये सब झूठी राजनीति
सत्तारुढ बहुजन समाज पार्टी में भाजपा की इस पुस्तक ने हलचल मचा दी है। श्री मौर्य ने पुस्तिका में राज्य सरकार के खिलाफ लगाये गये आरोपों को राजनीतिक नाटक बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा अब झूठ के पुलिंदों की राजनीति पर उतारु हो गयी है।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने अपने बयान में कहा कि भाजपा द्वारा बसपा सरकार पर लगाये गये भ्रष्टाचार के सभी आरोप असत्य और निराधार है। उन्होंने कहा कि दलित विरोधी जातिवादी मानसिकता में जकड़े भाजपा के नेता देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में दलित मुख्यमंत्री का नेतृत्व सहन नहीं कर पा रहे हैं। पुस्तक पर सफाई देते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सभी फैसले पूरी पारदॢशता के साथ नियमानुसार करती है।
श्री मौर्य ने कहा कि भ्रष्टाचार के आगे भाजपा के समर्पण के इतने प्रसंग हैं कि उन पर कई किताबें लिखी जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बिजली की समस्या के लिए भाजपा भी जिम्मेदार है। श्री मौर्य ने कहा कि महान संतों, गुरुओं व महापुरुषों के आदर-सम्मान में स्मारक आदि में सार्वजनिक धन के दुरुपयोग का आरोप लगाना निहायत शर्मनाक है।
उनका कहना था कि राज्य में जो भी कार्य किए जा रहे हैं वे सभी भ्रष्टाचार से मुक्त हैं और सभी में विभागीय नियमों का पूरा ध्यान रखा गया है। उन्होंने जनता को यकीन दिलाने का प्रयास किया कि जनता के पैसों का दुरपयोग नहीं हो रहा है तथा जनता अपने हितों को लेकर निश्चिंत रहे जनता के अधिकारों का पूरा ध्यान रखा जाएगा।













Click it and Unblock the Notifications