'सीएमओ की हत्या पर मंत्रियों का इस्तीफा मायावती का नाटक'
ज्ञात हो कि सीएमओ हत्याकांड के मामले में मायावती ने राज्य की मुख्यमंत्री के दबाव पर परिवार कल्याण मंत्री बाबू सिंह कुशवाहा व स्वास्थ्य मंत्री अनन्त कुमार मिश्र से इस्तीफे मांग लिये गये। हालांकि कैबिनेट सचिव शशांक शेखर सिंह का कहना है कि दोनों मंत्रियों ने हत्याकाण्ड व विभागीय गोरखधंधे की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद से त्यागपत्र दे दिये।
खैर ये तो रही माया सरकार की बानगी, अगर आप विपक्षी दलों की ओर रुख करेंगे, तो ये सब नाटक ही लगेगा। जी हां समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, 6 माह के भीतर राजधानी में दो सीएमओ की हत्या होना राज्य की लचर कानून व्यवस्था व भ्रष्टाचार की ओर इशारा करती है। दो-दो मंत्रियों का इस्तीफा दिया जाना मायावती का महज एक नाटक है।
यादव ने कहा कि मायावती बगैर सजा भुगते अपने पापों से बच नहीं सकेंगी। समाजवादी पार्टी ने पहले ही कहा था कि बसपा सरकार में हर स्तर पर भ्रष्टाचार है और अब हत्याकाण्ड में दो मंत्रियों का इस्तीफा साबित करता है कि वे मानते हैं कि वे मामले के लिए दोषी हैं।
वहीं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रताप साही व प्रदेश प्रवक्ता विजय बहादुर पाठक ने कहा कि सरकार यह पहले ही स्वीकार कर चुकी है कि स्वास्थ्य विभाग में भ्रष्टाचार है। विभागीय मंत्री अपनी जिम्मेदारी ठीक ढंग से नहीं निभा पाये। सीएमओ हत्याकांड के बाद सरकार रंगे हाथों पकड़ी गई है, ऐसे में सीबीआई जांच से बचने के लिए सरकार ने मंत्रियों से जबरन त्याग पत्र दिलवाए हैं। और यह सब किसी नाटक से कम नहीं।













Click it and Unblock the Notifications