मई में होगा खुलासा, रतन का वारिस कौन?
टाटा संस के बोर्ड के सदस्य आर के कृष्णकुमार ने कहा कि 73 साल के रतन टाटा के उत्तराधिकारी की तलाश अपने आखिरी दौर में है। उन्होंने ईटी को बताया, 'यह आसान काम नहीं है। इसके बावजूद हम टाटा संस के अगले चेयरमैन की तलाश मई के अंत या जून की शुरुआत तक पूरी कर लेंगे।
आपको बता दें कि टाटा संस, टाटा ग्रुप की होल्डिंग कंपनी है। जो शख्स टाटा संस का चेयरमैन होता है, वहीं ग्रुप का भी प्रमुख होता है। अभी टाटा संस के चेयरमैन रतन टाटा हैं। वह ग्रुप की कई कंपनियों- टाटा स्टील, टाटा मोटर्स और टीसीएस के चेयरमैन भी हैं।
यह समिति टाटा ग्रुप के चेयरमैन के भविष्य के रोल को लेकर भी विचार-विमर्श कर रही है। 20 साल पहले टाटा ग्रुप का टर्नओवर सिर्फ 2 अरब डॉलर था। आज यह 75 अरब डॉलर का समूह बन गया है। इसके बावजूद ग्रुप के चेयरमैन की जिम्मेदारियों में बदलाव नहीं आया है। इस मामले से जुड़े लोगों ने यह जानकारी दी।
समिति टाटा संस और ग्रुप की दूसरी प्रमुख कंपनियों के रिश्ते को भी परिभाषित कर सकती है। कृष्णकुमार ने कहा, 'टाटा ग्रुप बहुत बड़ा और जटिल हो गया है। साथ ही इसका कारोबार भी बेहद व्यापक है। हमें अगले उत्तराधिकारी का काम आसान करना होगा। इसके लिए टाटा संस और ग्रुप की कंपनियों के आपसी रिश्ते में बदलाव किया जा सकता है।'













Click it and Unblock the Notifications