सत्य साईं बाबा की हालत स्थिर, लेकिन खतरे से बाहर नहीं

Satya Sai Baba
पुट्टापार्थी/चेन्नई। करोड़ों लोगों के आध्‍यात्मिक गुरु सत्‍य साईं बाबा की हालत अब स्थित है, लेकिन उन्‍हें जीवन रक्षक प्रणाली (वेंटिलेटर) पर रखा गया है ताकि श्वसनतंत्र कार्य करता रहे। सत्य साईं सुपर स्पेशलिटी अस्पताल की ओर से मंगलवार शाम जारी मेडिकल बुलेटिन के अनुसार बाबा की हालत सोमवार की अपेक्षा बेहतर है, लेकिन खतरे से बाहर नहीं है।

बुलेटिन में कहा गया है कि उन्हे वेंटिलेटर की मदद दी जा रही है, ताकि उनका श्वसनतंत्र कार्य करता रहे तथा उन्हें उत्सर्जन तंत्र को सुचारु रखने वाली सीआरआरटी प्रणाली का भी सहारा दिया जा रहा है, ताकि उनकी किडनी काम करती रहें।

अस्पताल के निदेशक एएन सफाया ने वीडियो बुलेटिन में कहा, "रक्त संचार, नाड़ी की गति सहित अन्य सभी महत्वपूर्ण अंग लगभग सामान्य रूप से तथा संतोषजनक तरीके से कार्य कर रहे हैं। उनका इलाज कर रहे चिकित्सकों की समिति उनकी स्थिति पर लगातार नजर रख हुए है।" उन्होंने कहा कि बाबा के फेफड़े के संक्रमण को रोकने के लिए सभी तरह की सावधानियां बरती जा रही हैं।

भक्‍तों से अपील, भीड़ ना लगायें

सफाया ने कहा, "यही वजह है कि हम किसी को आईसीयू (गहन चिकित्सा इकाई) में आने की इजाजत नहीं दे रहे हैं।" उन्होंने बाबा के भक्तों से अपील की कि वे पुट्टापार्थी में भीड़ न लगाएं। उन्होंने उम्मीद जताई कि बाबा की हालत में जल्द ही सुधार होगा।

गौरतलब है कि इंगलैंड, नई दिल्ली एवं बेंगलुरू के चिकित्सा विशेषज्ञों सहित 12 चिकित्सकों का दल बाबा का इलाज कर रहा है। इससे पहले जारी बुलेटिन में कहा गया था कि बाबा के स्वास्थ्य में अब सुधार के लक्षण दिखाई देने लगे हैं। उनकी देखरेख कर रहे चिकित्सकों ने मंगलवार की दोपहर में कहा कि किडनी को छोड़कर बाबा के सभी महत्वपूर्ण अंग सामान्य रूप से काम कर रहे हैं।

ज्ञात हो कि राज्य के विभिन्न भागों तथा अलग-अलग राज्यों से बाबा के भक्त बड़ी संख्या में उनका हाल जानने के लिए शहर में पहुंच रहे हैं। लेकिन अधिकारियों ने किसी तरह की अनहोनी को टालने के लिए पांच से अधिक व्यक्तियों के एक जगह एकत्र होने पर रोक लगा दी है।

आंध्र के नेता अस्‍पताल पहुंचे

बाबा का स्वास्थ्य बिगड़ने की खबर पाकर आंध्र प्रदेश की बृहत उद्योग मंत्री जे गीता रेड्डी इस शहर में पिछले तीन दिनों से डेरा डाले हुई हैं। उन्होंेने कहा कि सत्य साईं बाबा अपनी आखें खोल रहे हैं और हाथ हिला रहे हैं। गीता रेड्डी स्वयं चिकित्सक एवं सत्य साईं की परम भक्त हैं। उन्होंने कहा, "बाबा के स्वास्थ्य में सुधार के लक्षण दिखाई दे रहे हैं। हालत में सुधार से चिकित्सक संतुष्ट हैं। हम उम्मीद करते हैं और ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि बाबा अपने भक्तों के बीच जल्द लौटेंगे।"

मंगलवार सुबह अस्पताल के निदेशक ए.एन. साफिया ने कहा था कि साईं बाबा की हालत गम्भीर बनी हुई है। उनकी देखभाल की जा रही है और चिंता करने की कोई बात नहीं है। उन्होंने बाबा के भक्तों से उनके स्वस्थ होने की कामना करने का आग्रह किया। इस बीच सत्य साईं बाबा की सही देखभाल न किए जाने की खबर सुनकर सैकड़ों भक्तों ने अनंतपुर के जिलाधिकारी जनार्दन रेड्डी के
वाहन पर पथराव किया।

अस्‍पताल के बाहर भारी सुरक्षा

मामले की गम्भीरता को देखते हुए प्रशासन ने अस्पताल और के बाहर भारी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की है। उधर, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एवं द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) अध्यक्ष एम. करुणानिधि ने मंगलवार को आध्यात्मिक गुरु सत्य साईं बाबा के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार की कामना की। करुणानिधि ने अपने संदेश में कहा कि यह सुनने पर कि सत्य साईं बाबा गंभीर रूप से बीमार हैं, उन्हें गहरा दुख हुआ। उन्होंने कहा कि उनकी यही कामना है कि बाबा के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार आए।

करुणानिधि ने कहा कि बाबा ने चेन्नई शहर में पेयजल की सुविधा के लिए स्वेच्छा से दान दिया। उन्होंने ही तेलुगू गंगा नहर की मरम्मत कराई, जिसमें आंध्र प्रदेश से कृष्णा नदी का पानी पहुंचता है।

सत्यनारायण राजू या सत्य साईं बाबा का जन्म 23 नवम्बर, 1926 को पुट्टापार्थी में हुआ था। 1940 में उन्होंने खुद के ईश्वर का अवतार होने का दावा किया था। उल्लेखनीय है कि सत्य साईं बाबा को 28 मार्च को आंध्र प्रदेश के पुट्टापार्थी स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह फेफड़े में संक्रमण से पीड़ित हैं।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+