सत्य साईं बाबा वेंटिलेटर पर, सेहत में सुधार

आंध्र प्रदेश की भारी उद्योग मंत्री जे.गीता रेड्डी ने साईं बाबा की हालात का जायजा लेने के लिए अस्पताल का दौरा किया। 'सत्य साईं इंस्टीट्यूट ऑफ हायर मेडिकल साइंसेज' की ओर से रविवार सुबह जारी एक बयान में सुपर स्पेशियलिटी के निदेशक ए.एन. साफया ने बताया कि साईं बाबा के सभी अंग सामान्य रूप से काम कर रहे हैं। 'सत्य साईं सेंट्रल ट्रस्ट' के अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों और चिकित्सकों के साथ हुई बैठक के बाद गीता ने बताया कि साईं बाबा की हालत स्थिर बनी हुई है।
राज्य सरकार ने साईं बाबा की तबियत बिगड़ने की मिली जानकारी के बाद भारी उद्योग मंत्री गीता को उनकी हालत पर निगरानी रखने के लिए नियुक्त किया है। साईं बाबा की सेहत खराब होने को लेकर देश और विदेशों में मौजूद उनके भक्तगण बेहद चिंतित हैं। ट्रस्ट के अधिकारी मंत्री या राज्य सरकार के किसी भी अधिकारी को साईं बाबा से मिलने के लिए उनके गहन चिकित्सा कक्ष में जाने की इजाजत नहीं दे रहे हैं।
इस बीच, राज्य सरकार ने हैदराबाद से चिकित्सकों के एक दल को साईं बाबा की हालत पर निगरानी रखने के लिए रवाना किया है। साईं बाबा को स्थायी रूप से पेसमेकर लगाने वाले चिकित्सकों ने दावा किया है कि उनकी हालत में तेजी से सुधार हो रहा है। साईं बाबा शुरू में अपने चमत्कारों की वजह से चर्चित हुए थे लेकिन पिछले दो दशकों से उन्होंने अपने आप को सामाजिक और धमार्थ कार्यो की तरफ केंद्रित कर लिया है।
साईं बाबा की हालत के बारे में जानने के लिए एकत्रित श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बलों को अस्पताल के बाहर तैनात किया गया है। भक्तगणों के एक समूह ने शनिवार को अस्पताल में दाखिल होने की कोशिश की थी। 85 वर्षीय साईं बाबा 28 मार्च से अनंतपुर जिले में पुट्टपर्ती के एक अस्पताल में भर्ती हैं। उन्हें निमोनिया और सांस में तकलीफ होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।












Click it and Unblock the Notifications