मायावती सरकार पर बरसे राजनाथ सिंह

श्री सिंह ने कहा कि सत्ता में आने पर सामाजिक न्याय समिति की रिपोर्ट लागू की जाएगी। श्री सिंह राजधानी में पासी समाज के एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आए थे। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट में प्रस्तावित प्राविधानों को तीन माह के भीतर प्रदेश में लागू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पासी समाज ने आजादी में बड़ा योगदान दिया है। बावजूद इसके सरकारों ने पासी समाज के लोगों के विकास की अनदेखी की जो न्यायोचित नहीं है। श्री सिंह का कहना है कि सत्तारूढ़ दलों को चाहिए कि समाज के सभी वर्गों के विकास और उत्थान के लिए योजनाएं बनाएं।
उनका कहना है कि राजनीति हमेशा इन्साफ और इन्सान के लिए होनी चाहिए वोटों के लिए नहीं। उन्होंने दलित वर्ग के लोगों का प्रदेश की दलित विरोधी सरकार के भ्रष्टाचारी कारनामों को गांव-गांव गली-गली घूम कर उजागर करने के लिए जनजागरण चलाने का आहवान किया। प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रताप शाही ने बसपा सरकार को दलित विरोधी करार दिया।
उन्होंने कहा कि दलितों के वोट पर सत्ता में आयी सरकार ने दलितों के एक खास वर्ग को ही लाभ पहुंचाया है। उन्होंने प्रदेश की सत्ता पर काबिज जनविरोधी, दलित विरोधी व भ्रष्टाचारी सरकार को उखाड़ फेंकने का शंखनाद करने का आहवान किया।












Click it and Unblock the Notifications