केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश के घर से 'रद्दी' चोरी
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी के अति विशिष्ट इलाके लुटियंस जोन स्थित केंद्रीय पर्यावरण मंत्री जयराम रमेश के बंगले में चोर घुस आए और गैरेज से पुराने बर्तन एवं रद्दी सामान उठा ले गए। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को बताया, "राजेश पायलट मार्ग स्थित मंत्री के बंगले में चोरी की घटना सुबह करीब नौ बजे हुई।"
चोरी की बात तब सामने आई जब रमेश के एक कर्मचारी परमानंद ने आवास के बाहर बने गैरेज से कुछ बर्तन और रद्दी सामान गायब पाया। अधिकारी ने कहा, "परमानंद ने हमें बताया कि उसने गुरुवार की रात गैरेज में ताला लगाया था, उस समय तक सब कुछ अपनी जगह पर था। सुबह जब वह गैरेज में गया तो सामान गायब था। उसने तुरंत पुलिस को वारदात की सूचना दी।" मंत्री के सहायक निजी सचिव ने घटना की पुष्टि की। उन्होंने हालांकि कहा, "मात्र कुछ रद्दी सामान चोरी हुआ है, कोई बड़ी घटना नहीं हुई है।"













Click it and Unblock the Notifications