पुर्तगाल के पीएम का इस्तीफ़ा, आर्थिक संकट गहराया

पुर्तगाल के पांचों विपक्षी दलों ने खर्च में कटौती और कर बढ़ाने संबंधी सोक्रेट्स के बजटीय सुझावों को नकार दिया. प्रधानमंत्री ज़ोशेय सोक्रेटि्श ने पहले ही कह दिया था कि खर्च में कटौती पर इस बजट को अगर मंज़ूरी नहीं दी जाती है तो उनके लिए देश चलाना मुमकिन नहीं होगा. सोक्रेटि्श के इस्तीफ़े के बाद अगले कुछ महीनों में चुनाव होने की संभावना है.
इससे पहले आयरलैंड ने भी आर्थिक संकट से निपटने के लिए कई बड़ी कटौतियों की घोषणा की थी जिसके कुछ महीने बाद प्रधानमंत्री ब्रायन कावेन ने आर्थिक संकट से घिरे होने को लेकर पद से इस्तीफ़ा दे दिया था. इसके बाद अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष और यूपोपीय संघ ने आर्थिक संकट का सामना कर रहे आयरलैंड को 113 अरब डॉलर की आर्थिक मदद देने का फैसला किया था.
कटौती को लेकर पुर्तगाल में विपक्षी दलों का कहना था कि बजट में दिए गए उपाय बेहद कठिन हैं. इसे लेकर सरकारी टेवलिविज़न पर दिए गए अपने बयान में सोक्रेटि्श ने कहा, ''सभी विपक्षी दलों ने सरकार के उन उपायों को नकार दिया जिनके अपनाए जाने पर पुर्तगाल को बाहरी आर्थिक मदद नहीं लेनी पड़ती.''
उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों ने सरकार से शासन चलाने के सभी उपाय छीन लिए हैं. ग़ौरतलब है कि गुरुवार को युरोपीय संघ के नेता दो दिवसीय सेमिनार की शुरुआत कर रहे हैं जिसका मकसद 'युरोज़ोन" में पैदा हो रहे ऋण संबंधी संकट को सुलझाना है. माना जा रहा है कि इस दौरान आर्थिक संकट से जूझ रहे 17 देशों की ऋण संबंधी ज़रूरतों और उन्हें पूरा करने में सक्षम देशों के बीच मोलभाव संभव हो पाएगा.












Click it and Unblock the Notifications