दिल्ली छात्रा हत्याकांड में पुलिस को नहीं मिला चश्मदीद

इससे यह उजागर होता है हमारा समाज किस कदर संवेदनहीन हो गया है। दिल्ली पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए बुधवार को जहां स्केच जारी किए वहीं उसका कहना है कि वारदात के वक्त घटनास्थल पर बड़ी संख्या में छात्र और ऑफिस जाने वाले लोग मौजूद थे लेकिन कोई प्रत्यक्षदर्शी मदद के लिए आगे नहीं आ रहा।
पुलिस उपायुक्त एच.जी.एस. धालीवाल ने पत्रकारों को बताया, "पुलिस के पास कोई नहीं आया है जो यह कहे कि उसने घटना को देखा है। यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। ज्ञात हो कि पश्चिमी दिल्ली के नरायणा इलाके में रहने वाली राधिका तंवर (20) शांतिनिकेतन स्थित राम लाल आनंद कॉलेज की छात्रा थी। वह मंगलवार को धौला कुंआ के समीप अकेले एक फुट ओवरब्रिज को पार कर रही थी तभी एक युवक ने उसे पीछे से गोली मार दी। इसके बाद हमलावर भीड़ का फायदा उठाते हुए वहां से फरार हो गया।
धालीवाल ने कहा, "घटनास्थल के पास हालांकि कई लोग मौजूद थे लेकिन उन्हें कुछ महसूस नहीं हुआ। उन्होंने सोचा कि किसी ने पटाखे छोड़े हैं। आरोपी ने व्यस्त माहौल और आसपास होने वाले शोर शराबे को ध्यान में रखते हुए अपराध के लिए इस स्थान को चुना।" पुलिस के मुताबिक हत्यारा राधिका को अच्छी तरह से जानता था और वह कई दिनों से उसकी गतिविधियों पर नजर रख रहा था।
पुलिस ने कहा, "हम मीडिया के जरिए प्रत्यक्षदर्शियों और राधिका के मित्रों से अपील करते हैं कि यदि उनके पास हत्यारे से सम्बंधित कोई सुराग है तो वे बेहिचक पुलिस से सम्पर्क करें। हम सुराग देने वाली की पहचान गोपनीय रखेंगे।" पुलिस ने बताया कि हमले में प्वाइंट 315 बोर के देसी पिस्टल का इस्तेमाल किया गया। इस बारे में फोरेंसिक विभाग विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर रहा है।
हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग की सम्भावना के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, "हम इसके बारे में पुष्टि नहीं कर सकते लेकिन इस बात से इंकार भी नहीं कर सकते।" पुलिस ने हालांकि लूटपाट के इरादे से की गई हत्या से इंकार किया है क्योंकि राधिका के सामानों को हाथ नहीं लगाया गया था।
इस बीच दिल्ली विश्वविद्यालय के दक्षिणी परिसर के विभिन्न कॉलेजों के सैकड़ों छात्रों ने बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) के अध्यक्ष अक्षय कुमार ने कहा, "हत्या दिनदहाड़े हुई है और पुलिस ने कुछ भी नहीं किया है। दोषी व्यक्ति की गिरफ्तारी होनी चाहिए।"
छात्रों ने दक्षिण परिसर इलाके में एक महिला पुलिस स्टेशन बनाए जाने की मांग की। मुख्यमंत्री शीला दीक्षित राधिका के माता-पिता से मिलीं और उसकी हत्या पर शोक जताया। साथ ही उन्होंने न्याय दिलाने का भी आश्वासन दिया।












Click it and Unblock the Notifications