तेलंगाना में 'रेल रोको' आंदोलन, दर्जनों ट्रेनें रद्द, यात्री बेहाल
हैदराबाद। आंध्र प्रदेश को काटकर अलग राज्य- तेलंगाना बनाने की मांग को लेकर तेलंगाना राष्ट्र समिति, भारतीय जनता पार्टी व अन्य राजनीतिक पार्टियों के हजारों कार्यकर्ताओं ने आम लोगों के साथ मिलकर 'रेल रोको' आंदोलन शुरू कर दिया है, जिस वजह से आंध्र प्रदेश में व यहां से गुजरने वाली दो दर्जन से
अधिक ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। यही नहीं कई ट्रेनें रास्ते में खड़ी हैं, यात्री बुरी तरह बेहाल हैं।
पृथक तेलंगाना राज्य की मांग का मुद्दा एक बार फिर गर्मा गई है। यहां टीआरएस व कई अन्य संगठनों ने मंगलवार को 'रेल रोको' आंदोलन का एलान करते हुए दक्षिण-मध्य रेलवे की दर्जनों ट्रेनों को रास्ते में रोक दिया है। इस आंदोलन के मद्देनज़र 23 ट्रेनें पहले ही रद्द की जा चुकी थीं, कि अब दो दर्जन से अधिक ट्रेनें प्रदर्शनकारियों का निशाना बन गई हैं।
कौन-कौन सी ट्रेनें रद्द
रद्द की गईं प्रमुख रेलगाड़ियां हैं : हैदराबाद-दिल्ली आंध्र प्रदेश एक्सप्रेस, यशवंतपुर-सिकंदराबाद गरीब रथ, विजयवाड़ा-सिकंदराबाद सद्भावना एक्सप्रेस, गुंटूर-विकाराबाद पालनाडु एक्सप्रेस, तिरुपति-हैदराबाद रायलसीमा एक्सप्रेस, गुंटूर-सिकंदराबाद गोलकोंडा एक्सप्रेस तथा गुडुर-सिकंदराबाद सिम्हापुर एक्सप्रेस। इसके अलावा बेंगलुरू-गोरखपुर एक्सप्रेस जैसी कुछ रेलगाड़ियों के मार्ग में परिवर्तन करने की योजना भी बनाई है। साथ ही हैदराबाद और सिकंदराबाद में चलने वाली सभी मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट सिस्टम (स्थानीय रेलगाड़ियां) को भी रद्द करने की घोषणा की गई है।
खबर है कि आंध्र प्रदेश के शहर हैदराबाद, निजामाबाद, खम्मन, वारंगल और नालगोंडा, आदि जिलों में हजारों लोगों ने ट्रेनें रोक रखी हैं। राज्य के दस जिलों में करीब 2 दर्जन पैसेंजर ट्रेनें रास्ते में खड़ी हुई हैं, जबकि प्लेटफॉर्मों पर यात्रियों की भारी भीड़ जमा हो गई है। कई लोग जिन्हें ऐन मौके पर ट्रेनों के रद्द होने के बारे में पता चला वे स्टेशन पहुंच चुके थे।
ज्ञात हो कि जेएसी में तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) और अन्य क्षेत्रीय समूह शामिल हैं। जेएसी पृथक तेलंगाना राज्य गठन के लिए केंद्र सरकार से संसद में एक विधेयक लाने की मांग कर रही है। सत्तारूढ़ कांग्रेस एवं मुख्य विपक्षी दल तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के तेलंगाना क्षेत्र के नेताओं ने भी 'रेल रोको' आंदोलन को समर्थन देने की घोषणा की है।












Click it and Unblock the Notifications