हेमा मालिनी होंगी कर्नाटक से राज्यसभा की उम्मीदवार

भाजपा ने शुक्रवार देर रात नई दिल्ली में अभिनेत्री को अपना उम्मीदवार बनाने की घोषणा की जिसके लिये तीन मार्च को चुनाव होगा। कर्नाटक से इस सीट के लिए कई उम्मीदवार मैदान में थे। हेमामालिनी को कर्नाटक से उम्मीदवार बनाए जाने पर मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा ने शनिवार को इस बात से इंकार किया कि इसे लेकर भाजपा प्रदेश इकाई में कोई असंतोष है।
मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से कहा, "पार्टी में कोई असंतोष नहीं है। पार्टी के आलाकमान ने निर्णय लिया है और हम सभी उस निर्णय से बंधे हैं।" ज्ञात हो कि मीडिया में इस तरह की रिपोर्टे आने के बाद कि येदियुरप्पा इस सीट पर अपने भरोसेमंद और भाजपा के पूर्व केंद्रीय मंत्री वी. धनंजय कुमार को खड़ा करना चाहते हैं, उन्होंने इसका खंडन किया है।
कर्नाटक में राज्यसभा की यह सीट जनता दल (सेक्युलर) के नेता एम.वी. राजशेखर मूर्ति के निधन हो जाने पर रिक्त हुई है। मूर्ति का निधन गत पांच दिसम्बर को हुआ। उल्लेखनीय है कि हेमामालिनी की जीत तय मानी जा रही है क्योंकि राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा के पास 225 सीटों वाली विधानसभा में अध्यक्ष सहित 107 सदस्य हैं।












Click it and Unblock the Notifications