अमेरिका में 2 भारतीय छात्रों से रेडियो टैग हटाया गया
वाशिंगटन, 10 फरवरी (आईएएनएस)। अमेरिकी आव्रजन विभाग ने कैलीफोर्निया के बोगस विश्वविद्यालय के दो भारतीय छात्रों के पैर में लगे रेडियो टैग को हटा दिया है और उनके सामने तीन विकल्प पेश किए हैं। इसमें अमेरिका से स्वेच्छा से स्वदेश लौटने, स्वदेश लौटने की योजना बताने और अमेरिकी नागरिकता हासिल का विकल्प पेश किया गया है।
कैलीफोर्निया के ट्राई वैली विश्वविद्यालय के 18 छात्रों के पैर में रेडियो टैग लगाया गया है। इस विश्वविद्यालय के करीब 90 फीसदी छात्र भारतीय हैं।
रेडियो टैग से मुक्त हुए दोनों छात्र अपने वकील के साथ आव्रजन और सीमा शुल्क प्रवर्तन (आईसीए) कार्यालय गए थे। जहां सुनवाई के बाद रेडियो टैग हटा दिया गया।
एक भारतीय अधिकारी के मुताबिक आव्रजन मामलों के वकील कल्पना पेड्डीभोतला की योजना अगले सप्ताह कुछ और छात्रों को आईसीए ले जाने की है। उन्हें इसके सकारात्मक नतीजे आने की सम्भावना है।
पिछले दिनों भारतीय वाणिज्य दूत ने सान फ्रांसिस्को में दक्षिण एशिया बार एसोसिएशन के सहयोग से कानूनी सहायता कैम्प लगवाया था।
ट्राई वैली विश्वविद्यालय के 1500 से अधिक छात्रों पर स्वदेश भेजे जाने का खतरा मंडरा रहा है। फर्जी वीजा प्रकरण के उजागर होने के बाद विश्वविद्यालय को बंद कर दिया गया है।
इस बीच आईसीई ने छात्रों के सामने तीन विकल्प सुझाए हैं।
पहला विकल्प यह है कि वे आईसीई को सूचित करें कि वह अमेरिका से स्वेच्छा से स्वदेश जाना चाहते हैं जबकि दूसरा विकल्प यह है कि वे स्वदेश जाने की योजना के बारे में बताएं।
तीसरा विकल्प यह है कि वे अमेरिकी नागरिकता और आव्रजन सेवा के समक्ष आवेदन करें।
पहले विकल्प के तहत छात्र को अपनी सुविधा अनुसार अमेरिका छोड़ने की अनुमति मिलेगी, जिसके तहत वह निर्धारित समय तक बने रह सकते हैं और उनका आव्रजन इतिहास साफ-सुथरा रहेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications