आईपैड के लिए लांच हुआ पहला ई-अख़बार

मार्क ग्रिगोरी, बीबीसी के तकनीकी मामलों के संवाददाता
रूपर्ट मर्डोक फ्री वेब सामग्री के प्रचलन को ख़त्म करना चाहते हैं. मीडिया मुगल रूपर्ट मर्डोक ने एक इलेक्ट्रॉनिक अख़बार की शुरुआत की है जिसे आईपैड टैबलेट कंप्यूटर पर पढ़ा जा सकेगा. 'द डेली' नाम का ये समाचारपत्र पाठकों को 14 सेंट्स यानि 40 डालर सालाना अदा पर प्राप्त होगा जो कि अमरीका में बिकनेवाले पारंपरिक अख़बारों की तुलना में कहीं सस्ता है.
ये समाचारपत्र एक मल्टीमीडिया प्रोडक्शन है जिसमें हाईडेफिनीशन वीडियो और तस्वीरें उपलब्ध करवाई जाएंगी और फ़ेसबुक और ट्विटर से कनेक्शन के साथ-साथ पारंपरिक अख़बारों में छपनेवाले लेख भी उपलब्ध होंगे. फ़िलहाल ये सिर्फ़ अमरीका में उपलब्ध है और इसका लांच न्यूयार्क में रूपर्ट मर्डोक ने किया.
नया प्रयोग
मर्डोक का कहना था कि ये अख़बार उन लाखों पाठकों के लिए है जो अख़बार नहीं पढ़ते न ही टीवी देख पाते हैं. उन्होंने कहा कि ये नया प्रयोग समाचार उद्योग को पुनर्जीवित कर सकता है. ये शुरूआत एक ऐसे वक़्त हुई है जबकि पारंपरिक अखबारों की बिक्री में तेज़ी से कमी आ रही है और अख़बार मालिक डिजिटल मीडिया के बलबूते अपने घटते मुनाफ़े की पूर्ति के लिए प्रयासरत हैं.
हालांकि ये एक बहस का विषय है कि क्या लोग डिजिटल रूप में समाचार पढ़ने के लिए पैसे चुकाने के लिए तैयार हैं. कुछ लोगों का कहना है कि ये प्रयोग सफल नहीं हो पाएगा क्योंकि इंटरनेट पर पहले से ही समाचार उपलब्ध है जो मुफ़्त है.












Click it and Unblock the Notifications