ऑस्ट्रेलिया में गंभीर तूफ़ान की चेतावनी

ऑस्ट्रेलियाई अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि 'यासी' नामक तूफ़ान क्वींसलैंड के तट पर पहुँच रहा है और ये अब तक का सबसे गंभीर तूफ़ान साबित हो सकता है. क्वींसलैंड की प्रमुख एना ब्लिग ने कहा कि तूफ़ान भारी तबाही ला सकता है और राज्य के सामने गंभीर संकट सामने है.
तूफ़ान 'यासी' को सबसे गंभीर श्रेणी नंबर पाँच में रखा गया है. उल्लेखनीय है कि पिछले महीने ही क्वींसलैंड को बाढ़ की वजह से भारी नुक़सान उठाना पड़ा था. इसकी वजह से फसल चौपट हो गई थी और खनन उद्योग बुरी तरह प्रभावित हुआ था और ढाँचागत सुविधाएँ अस्तव्यस्त हो गईं थीं.
सिडनी से बीबीसी संवाददाता निक ब्रायंट का कहना है कि सेना उत्तरी शहर कैर्न्स के अस्पतालों को खाली करवा रही है. कैर्न्स से लगभग 30 हज़ार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है. साथ ही तटीय इलाक़ों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा जा रहा है.
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तूफ़ान 'यासी' से जानमाल को गंभीर ख़तरा पहुँचा सकता है. मौसम विभाग ने कहा है, ''इससे जानमाल को इतना नुक़सान हो सकता है जो शायद हाल की पढ़ियों ने नहीं महसूस किया होगा.'' इस दौरान लगभग 295 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ़्तार से हवाएँ चल सकती हैं.












Click it and Unblock the Notifications