श्रीलंका ने नागरिकों की सुरक्षा की मांग की

श्रीलंका ने बौद्ध भिक्षुओं पर हमले पर चिंता जताई है
श्रीलंका सरकार ने भारत से कहा है कि वो ये सुनिश्चित करें कि दक्षिण भारत में रह रहे उनके नागरिकों और संगठनों की सुरक्षा का ख्याल रखा जाए.
हाल में चेन्नई में श्रीलंका के कुछ बौद्ध भिक्षुओं पर हमला किया गया था जिसमें कई घायल हो गए थे.
सिंहला बहुल श्रीलंका और भारत के तमिल बहुल राज्य तमिलनाडु में हाल के दिनों में तनाव बढ़ा है.
हाल में तमिलनाडु में गाँववासियों ने श्रीलंका की नौसेना पर दो मछुआरों की मौत का आरोप लगाया था. दोनों दो अलग अलग घटनाओं में मारे गए थे.
भारत सरकार का कहना था कि दूसरे मछुआरे की मौत कथित रुप से श्रीलंका की नौसेना के बल प्रयोग के कारण हुई थी. भारत ने श्रीलंका से मामले की गंभीर जाँच की माँग की थी.
श्रीलंका सरकार ने कहा था कि उस क्षेत्र में जहाँ ये मौत हुई उनकी नौसेना का कोई जहाज़ नहीं था. पर साथ ही उसने ये भी कहा था कि उसे और सबूत सौंपे जाएं ताकि वो मामले की जाँच कर दोषियों को पकड़ सके.
इसके पहले तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में स्थित एक बौद्ध मठ पर हमला हुआ जो श्रीलंकाई लोग चलाते है. अब नाराज़गी की बारी श्रीलंका की थी.
चार भिक्षुओं जिनमें एक बुज़ुर्ग भी शामिल था, इस हमले में घायल हुए. श्रीलंकाई राजनयिकों के विरोध के बाद दो लोगों की गिरफ्तारी हुई.
फिर तमिल टाइगर समर्थक एक गुट ने दो वरिष्ठ क्रिकेटरों को धमकी दी जोकि चेन्नई में एक निजी टूर्नामेंट में भाग लेने आने वाले थे.
इस संगठन ने धमकी दी थी कि वो स्टेडियम का घेराव करेगा. उनको विशेषकर सनथ जयसूर्या के खेलने पर आपत्ति थी जोकि क्रिकेटर होने के साथ साथ सांसद भी हैं.
राजनयिक स्तर पर जहाँ भारत और कोलंबो के रिश्ते जहाँ आमतौर पर अच्छे रहते हैं वहीं ज़मीनी स्तर पर स्थिति ज़्यादा तनावपूर्ण रहती है.












Click it and Unblock the Notifications