कर्नाटक: राज्यपाल को हाईकोर्ट में जवाब देंगे येदियुरप्पा
शुक्रवार रात भारद्वाज द्वारा मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा के खिलाफ मुकदमा चलाए जाने की अनुमति के उपरांत शनिवार को उनके खिलाफ दो आपराधिक मामले दाखिल किए गए। इस बाबत बेंगलुरू में येदियुरप्पा ने जोर देकर कहा कि उन्हें पद छोड़ने की कोई आवश्यकता नहीं है। वह अंत तक अपना संघर्ष जारी रखेंगे और साबित करेंगे कि वह बेदाग हैं। सूत्रों के मुताबिक, राज्यपाल को चुनौती देने के लिए येदियुरप्पा सोमवार को उच्च न्यायालय की शरण में जा सकते हैं।
भाजपा ने येदियुरप्पा के खिलाफ अदालत में दाखिल मामलों की खिलाफत करते हुए आनन-फानन में पूरे राज्य में बंद का आह्वान कर दिया। जिसका असर शनिवार को कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरू में पर्याप्त दिखा। राज्यपाल के निर्णय के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कई बसों को आग के हवाले किया और कई स्थानों पर दुकानों पर पत्थर फेंके। इससे राज्य में जनजीवन प्रभावित हुआ। दूसरी ओर इस मुद्दे पर कांग्रेस के राज्यपाल को गृहमंत्री चिदंबरम का पूरा समर्थन मिल रहा है। उनका कहना है कि यह कोई पहली बार नहीं है जब किसी राज्यपाल ने मुख्यमंत्री के खिलाफ मुकदमा दाखिल करने की अनुमति दी है।
वकील सिराजिन बाशा और के.एन. बलराज ने अपनी शिकायतों में अन्य लोगों सहित येदियुरप्पा, उनके दो पुत्र और दामाद को नामजद किया है। शिकायतों में अदालत से संज्ञान लेते हुए इन सभी को सुनवाई के लिए बुलाने का अनुरोध किया गया है। मुख्यमंत्री येदियुरप्पा के एक पुत्र बी.वाई. राघवेंद्र भाजपा के लोकसभा सदस्य हैं। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सी. हिप्पारगी इस मामले की सुनवाई 24 जनवरी को करेंगे। इसी दिन और शिकायतें दाखिल की जाएंगी।













Click it and Unblock the Notifications