खली के बॉडीगार्ड ने प्रशंसकों पर चलाई गोली
लुधियाना। बिग बॉस में दूसरे स्थान पर रहे व वर्ल्ड रेसलिंग एंटरटेनमेंट (डब्ल्यूडब्ल्यूई) के विजेता दिलीप सिंह राणा उर्फ खली शुक्रवार की शाम जब लुधियाना पहुंचे, तो वहां उनपर प्रशंसकों की भीड़ उमड़ पड़ी। हालात इतने खराब हो गए कि उनके सुरक्षाकर्मी ने प्रशंसकों पर गोली चला दी, जिसमें दो लोग घायल हो गए।
पहले खबर आयी थी कि यह गोली किसी अज्ञात व्यक्ति ने चलायी है, लेकिन पुलिस के मौके पर पहुंचने से यह साफ हो गया कि गोली खली के बॉडीगार्ड ने चलायी है।
लुधियाना के पुलिस निरीक्षक सुरिंद्र मोहन के मुताबिक "खली शुक्रवार रात को पंजाब विधानसभा के उपाध्यक्ष सतपाल गोसैन के घर रात्रिभोज के लिए गए थे। जब वह उनके घर से बाहर निकले तो प्रशंसकों की भीड़ ने उन्हें घेर लिया। प्रशंसक उनके फोटोग्राफ लेने के लिए बेकाबू हो गए थे।"
इसी दौरान हवा में गोलियां चलाई गईं, जिससे गोलियों के कुछ छर्रे दो लोगों को लगे। एक व्यक्ति को कंधे में छर्रा लगा है और दूसरे को हल्की चोट आई है। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने से इंकार कर दिया है।













Click it and Unblock the Notifications