मेरठ में पुलिस चौकी में आगजनी और तोड़फोड़
शहर के मेडिकल थाना क्षेत्र के चुंगी चौराहे पर मंगलवार देर रात एक ट्रक द्वारा टक्कर मारे जाने से मोटरसाइकिल सवार नरेंद्र कुमार के घायल होने के बाद गुस्साई भीड़ ने चुंगी पुलिस चौकी में तोड़फोड़ और आगजनी की।
मेडिकल थाना-प्रभारी प्रभाकर कौंतुरा ने बुधवार को संवाददाताओं को बताया कि कुछ अराजक तत्वों ने पुलिस पर पैसे लेकर ट्रक चालक को भगाने का आरोप लगाकर भीड़ को पुलिस पर हमला करने के लिए उकसाया। हालात काबू में करने के लिए कई अन्य थानों की पुलिस बुलाकर मजबूरन लाठीचार्ज करना पड़ा।
भीड़ के आरोप को बेबुनियाद बताते हुए उन्होंने कहा कि ट्रक को कब्जे में लेकर उसी समय चालक को हिरासत में ले लिया गया था।
कौंतुरा ने कहा कि आगजनी और तोड़फोड़ करने के आरोप में पांच लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है अन्य उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। पुलिस के मुताबिक फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications