पुंछ में सीमा पर पाकिस्तान की गोलीबारी, जवान घायल
जम्मू। सरहद पार से पाकिस्तान की ओर से संघर्षविराम का उल्लंघन लगातार जारी है। पाकिस्तानी सैनिकों ने एक बार फिर भारत के जम्मू एवं कश्मीर में पुंछ सेक्टर के शाहपुर क्षेत्र में नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी की। इस घटना में एक भारतीय जवान घायल हो गया। यह जानकारी रक्षा सूत्रों ने गुरुवार को दी।
पाकिस्तान की ओर से बुधवार रात करीब 10 बजे संघर्षविराम का उल्लंघन किया गया। सीमा पार से की गई इस गोलीबारी के जवाब में भारतीय जवानों ने भी जवाबी गोलीबारी की। दोनों पक्षों की ओर से गोलीबारी गुरुवार की सुबह छह बजे तक चलती रही। पाकिस्तानी सेना द्वारा, यह सीधे तौर पर संघर्षविराम का उल्लंघन है। दोनों देशों के बीच संघर्षविराम वर्ष 2003 में लागू हुआ था।
सूत्रों ने बताया कि गोलीबारी रुक गई है लेकिन जवान सतर्कता बरत रहे हैं। उल्लेखनीय है कि हर साल सर्दी बढ़ने पर सीमा पार से संघर्षविराम के उल्लंघन की घटनाएं बढ़ जाती हैं। भारतीय सेना के मुताबिक, पाकिस्तानी सेना गोलीबारी की आड़ में आतंकियों को सीमा में घुसपैठ कराने के लिए अक्सर ये तरीका चुनती है।













Click it and Unblock the Notifications