राहुल गांधी से नाराज हुआ यूपी का युवा ब्रिगेड!
इन दिनों राहुल गांधी यूपी के दो दिवसीय दौरे पर थे, लेकिन इस बार वो जहां-जहां गए, वहां-वहां उन्हें विरोध का सामना करना पड़ा। सम्भवत: यह उनका पहला दौरा है जिसमें उन्हें इतने भारी विरोध का सामना करना पड़ा है। जहां कांग्रेस इसे साजिश करार दे रही है तो विरोधी दल इसे उचित ठहरा रहे हैं। जो भी हो, राहुल के इस दौरे ने अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अभी से ही प्रदेश की राजनीति को गरमा दिया है।
दो दिवसीय दौरे पर राहुल ने राज्य के पांच बड़े शहरों का दौरा किया और वहां छात्रों से मुलाकात की, बातचीत की और फिर राजनीति में आने के लिए उन्हें प्रेरित भी किया। पहले दिन वह वाराणसी और इलाहाबाद गए तो दूसरे दिन लखनऊ, झांसी और आगरा। इस दौरान राहुल का प्रत्येक शहर में विरोध हुआ। कहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तो कहीं समाजवादी पार्टी (सपा) की छात्र इकाई ने उनका विरोध किया। कहीं बुंदेलखंड मुक्ति मोर्चा (बीएमएम) के कार्यकर्ताओं का तो कहीं ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) और स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) का उन्हें विरोध झेलना पड़ा।
छात्रों का आरोप है कि राहुल ने उनके साथ वादा खिलाफी की है उन्होंने जो कहा वो किया नहीं है, ऐसी सूरत लखनऊ, वाराणसी और झांसी की भी है, जहां विरोधी दल इस बात के पीछे कांग्रेस की खराब रणनीति को जिम्मेदार ठहरा रहे है तो वहीं कांग्रेस ये कह रही है कि ये सब विरोधी दल की साजिश है।
फिलहाल इतना तो तय है कि इस बार यूपी की युवाजनता ने गुस्से और शिकायत का रूख अपनाया है, अब देखना दिलचस्प होगा कि राहुल अपनी मधुर और कातिल मुस्कान से अपने गुस्साये भाई-बहनों को मना लेते है या फिर वो भी दूसरे राजनेताओं की तरह मामले से पल्ला झाड़ लेते हैं।
इस बारे में आपका क्या कहना है अपने विचार नीचे लिखे कमेंट बॉक्स में दर्ज करायें।













Click it and Unblock the Notifications