दिल्ली, हिमाचल, मप्र में धूप खिली, सर्दी से राहत
नई दिल्ली। उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में धूप खिलने और तापमान में मामूली वृद्धि की वजह से लोगों को सर्दी से राहत मिली जबकि उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चण्डीगढ़ और बिहार में अभी तक शीतलहर जारी है और तापमान में कमी दर्ज की गई है।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ सहित सभी स्थानों पर तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में लखनऊ सबसे सर्द स्थान रहा और जहां न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस कम है। जानकारों के मुताबिक कई साल बाद लखनऊ के तापमान में इतनी कमी दर्ज की गई है।
इसके अलावा इलाहाबाद का न्यूनतम तापमान 3.8, बरेली का 3.6, गोरखपुर का 2.9 और वाराणसी का 3.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
बिहार में सर्दी थमने का नाम नहीं ले रही है। पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार राजधानी में बुधवार सुबह तापमान 3़ 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम में सबसे कम है। गया में तापमान 3़1 डिग्री सेल्सियस रहा।
चण्डीगढ़ और उसके आसपास के इलाकों में धूप खिलने के एक दिन बाद बुधवार सुबह फिर से कोहरा छाया रहा। इससे सड़क यातायात पर असर देखा गया और लोगों को ठिठुरन का सामना करना पड़ा।बर्फीली हवाओं और मौसम की खराब स्थिति से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। चण्डीगढ़ में बुधवार को न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब और हरियाणा के तकरीबन सभी हिस्सों में तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है।
पंजाब में अमृतसर इस इलाके में सबसे सर्द रहा और बुधवार को यहां न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। लुधियाना में यह 1.9 डिग्री सेल्सियस रहा,जो औसत से तीन डिग्री सेल्सियस कम है। पटियाला में बुधवार को तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा में हिसार सबसे सर्द रहा और यहां तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जम्मू एवं कश्मीर के श्रीनगर में बुधवार सुबह न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के सहायक मौसम विज्ञानी आर. एल.पंडिता ने बताया, "श्रीनगर में बुधवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से एक डिग्री कम है। जम्मू में यह 4.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से चार डिग्री सेल्सियस कम है।"
पंडिता ने बताया कि लद्दाख क्षेत्र के लेह में न्यूनतम तापमान शून्य से 17.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया जबकि कारगिल में यह शून्य से 15.0 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।उन्होंने कहा, "गुलमर्ग में बुधवार को तापमान शून्य से 8.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। वहीं दक्षिणी कश्मीर के पहलगाम में यह शून्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।"
उधर, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और मध्य प्रदेश में बुधवार को जहां धूप खिलने की वजह से सर्दी से कुछ राहत रही। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश में बुधवार को दूसरे दिन भी धूप खिली। शिमला में मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने आईएएनएस को बताया कि कैस्पियन सागर से उठने वाला पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान-पाकिस्तान के इलाके से गुजर रहा है। इसे फिर से इस क्षेत्र में सक्रिय होने की संभावना है। सिंह ने कहा, "पहाड़ियों के मध्य बसे अधिकतर शहरों में गुरुवार के बाद बर्फबारी और बारिश हो सकती है।"
शिमला में मामूली रूप से न्यूनतम तापमान में 1.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह छह डिग्री सेल्सियस रहा।मौसम विभाग के अनुसार राज्य में लाहौल एवं स्पीति जिले का मुख्यालय केलांग बुधवार को सबसे सर्द रहा और यहां तापमान शून्य से 12.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया।किन्नौर जिले के कालपा में तापमान शून्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा जबकि भूंतर में यह 0.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और धर्मशाला में तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
उधर, मध्य प्रदेश में शीत लहर का असर कुछ कम हो चला है। इतना ही नहीं न्यूनतम तापमान में इजाफा के साथ अब धूप से भी राहत मिल रही है। मौसम विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक प्रदेश में सबसे ठंडा रीवा रहा, जहां न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। अब सिर्फ उत्तरी मध्य प्रदेश में ही शीत लहर का असर है।
*












Click it and Unblock the Notifications