प्याज व्यापारियों पर एस्मा लगाएगी दिल्ली सरकार
नई दिल्ली। प्याज की कीमत बढ़ने पर गोदामों में पड़ रहे आयकर अधिकारियों के छापे के विरोध में दिल्ली के प्याज व्यापारियों ने बुधवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की घोषणा की। उधर दिल्ली सरकार ने हड़ताल पर जाने पर व्यापारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी। चैंबर ऑफ आजादपुर फ्रुट एंड वेजीटेबल सेलर्स के अध्यक्ष मीठा राम ने आईएएनएस से कहा, "प्याज कारोबारियों पर पड़ रहे आयकर छापों के विरोध में हम अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जा रहे हैं।"
उन्होंने कहा, "व्यापारियों ने जमाखोरी नहीं की। उनके पास जो भी भंडार होता है, उसे रोजाना बेचते हैं। अधिकारियों ने सिर्फ प्याज की ही नहीं बल्कि व्यापारियों के पास उपलब्ध नकद की भी जांच की।"उन्होंने कहा कि शहर में कहीं भी यदि जमाखोरी पाई गई, तो वे हड़ताल वापस ले लेंगे।
उन्होंने कहा, "कीमत इसलिए बढ़ी क्योंकि मांग और आपूर्ति में अंतर था।"खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री हारून यूसुफ ने कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो दिल्ली सरकार व्यापारियों पर आवश्यक सेवा रखरखाव कानून (एस्मा) को भी लगाने से भी नहीं हिचकेगी।उन्होंने पत्रकारों से कहा, "प्याज की कीमतों को कम करने के लिए हम हर संभव प्रयास कर रहे हैं और इस स्थिति में हड़ताल करना उचित नहीं है।"
उन्होंने कहा कि सरकार व्यापारियों की 'जायज चिंताओं' को दूर करने के लिए तैयार है लेकिन उन्हें जनता को परेशान करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।इससे पहले नासिक के प्याज व्यापारी आयकर अधिकारियों के छापे के विरोध में सोमवार को हड़ताल पर चले गए थे, लेकिन बाद में उन्होंने हड़ताल वापस ले ली थी।आयकर अधिकारियों ने उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और कुछ अन्य राज्यों में भी ऐसे छापे मारे हैं।
प्याज का थोक भाव अभी 40-47 रुपये किलो चल रहा है और खुदरा बाजार में यह 55-60 रुपये किलो की दर से बिक रहा है।












Click it and Unblock the Notifications