छात्र राजनीति गर्माने यूपी पहुंचे राहुल गांधी

इस दौरान राहुल के दौरे के विरोध में सपा के युवा कार्यकर्ताओं ने ना सिर्फ काले झंडे दिखाए बल्कि राहुल गांधी मुर्दाबाद जैसे नारे भी लगाए। कांग्रेस के ढात्र संगठन (एनएसयूआई) के एक पदाधिकारी ने बताया कि सपा कार्यकर्ताओं ने न केवल काले गुब्बारे दिखाए, बल्कि उनके काफिले को रोकने का प्रयास भी किया। राहुल के साथ चल रहे विशेष सुरक्षा समूह (एसपीजी) के जवानों ने जल्द ही स्थिति पर काबू पाकर प्रदर्शनकारियों को रास्ता रोकने में विफल कर दिया।
राहुल के राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान पहुंचने से पहले यात्रा का विरोध कर रहे समाजवादी युवजन सभा के कार्यकर्ताओं और कांग्रेसियों के बीच झड़प हो गई। एक प्रदर्शकारी ने कहा कि राहुल केवल अपनी राजनीति चमका रहे हैं, उन्होंने छात्र संघ बहाली के लिए कुछ नहीं किया। पुलिस के मुताबिक करीब चालीस प्रदर्शनकारियों को राहुल के पहुंचने से पहले हिरासत में लिया गया। उल्लेखनीय है कि इलाहाबाद में सपा के युवा संगठन की मजबूत पकड़ है।
राहुल गांधी यूपी के विश्वविद्यालयों का दौरा करें और बनारस हिंदू विश्विद्यालय ना जाएं ऐसा तो संभव नहीं है क्योंकि एक समय बीएचयू
यूपी की छात्र राजनीति का केंद्र माना जाता था। राहुल गांधी बीएचयू के स्वतंत्रता भवन सभागार में छात्रों से मिले। राहुल ने कहाकि छात्रों से राजनीति में आने का आह्वान करते हुए कहा कि चाहे आप किसी भी क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहते हों लेकिन देश के विकास के लिए राजनीतिक पारी की शुरुआत करें। सभागार में मीडिया को जाने की इजाजत नहीं थी।
हालांकि राहुल ने बीएचयू में छात्रसंघ की बहाली पर कुछ न कहकर छात्रों को निराश किया। बीएचयू में बीते 13 सालों से छात्र संघ चुनाव नहीं हुए हैं। सपा और भाजपा के छात्र संगठनों ने राहुल की यात्रा का विरोध करते हुए परिसर के अंदर प्रदर्शन और तोड़फोड़ की। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारी छात्रों पर हल्का बल प्रयोग करके करीब 50 छात्रों को हिरासत में लिया। प्रदर्शनकारी छात्रों ने राहुल के बीएचयू दौरे को राजनीतिक स्टंट करार दिया और कहा कि जब प्रदेश में छात्र संघों का गठन ही नहीं हो रहा है, तो कांग्रेस महासचिव का छात्रों से संवाद का क्या औचित्य है?












Click it and Unblock the Notifications