पति की हत्या कर दीवार में चुन दिया

पुलिस द्वारा पूछताछ में 45 वर्षीय सावित्री देवी ने बताया कि वो पास के गांव में रहने वाले मंगला राम को चाहती थी, जिसे लेकर उसका पति कालूराम प्रजापति उसे रोजाना शराब पीकर पीटता था। 5 जनवरी की शाम घर में झगड़ा और मारपीट हुई, उसके बाद नशे में चूर कालूराम सो गया। थोड़ी ही देर बाद मंगला राम उसके घर आया और मंगला व सावित्री ने मिलकर कालूराम के सिर पर फावड़े से चार-पांच वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
भाई ने किया खुलासा
किसी को इसकी खबर न लगे, इसलिए दोनों ने मिलकर कालूराम की लाश को एक बोरे में बंद कर, घर की सीढि़यों के नीचे छिपा दी और वहां दीवार चुन दी। पांच दिन तक सावित्री एक दम चुप रही, लेकिन इस दौरान सावित्री के भाई को शक हो गया और उसने अपना शक पुलिस के सामने जाहिर कर दिया।
पुलिस घर पर पहुंची तो सावित्री काफी देर तक मौन रही, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने सच उगल दिया। पुलिस ने तत्काल सावित्री को गिरफ्तार कर लिया और दीवार तोड़ कर शव बरामद कर लिया। मंगला अभी भी फरार है। खास बात यह है कि अभी भी सावित्री के चेहरे पर अपने पति की हत्या करने का जरा भी मलाल नहीं दिख रहा है।












Click it and Unblock the Notifications