अमिताभ की अपील प्लीज 'सेव टाईगर'
नई दिल्ली। बाघ हमारा राष्ट्रीय पशु है। वो बहुत ही खूबसूरत प्राणी है। उसे जीने दो, उसे भी जीने का हक है। यही कहना है बॉलीवुड के शंहशाह अमिताभ बच्चन का जिन्होंने रविवार को मध्यप्रदेश के पेंच टाइगर रिजर्व में एनडीटीवी द्वारा आयोजित बाघ बचाओ अभियान में भाग लिया। इस मौके पर बिग बी ने देश में तेजी से विलुप्त हो रहे बाघों के संरक्षण के लिए धन एकत्रित करने के लिए अपनी निजी वस्तुओं की नीलामी की। इस अभियान में भाग लेने के बाद अमिताभ ने अपने मनोभावों को अपने ब्लॉग पर व्यक्त करते हुए कहा सेव आवर टाइगर अभियान से जुड़कर बहुत अच्छा महसूस कर रहा हूँ।
अमिताभ ने लिखा है कि रविवार का दिन उनके लिए बेहद शानदार दिन रहा। इस महान काम के लिए लगातार 12 घंटे टीवी पर काम करके धन इकट्ठा किया। इस अभियान के लिए करीब पांच करोड़ रुपये इकट्ठा किए गए। बिग बी ने कहा, मैंने इस दौरान हुई नीलामी के लिए दो पसंदीदा चश्मे और एक घड़ी दी थी। इसमें एक चश्मा सवा लाख, दूसरा 70 हजार और घड़ी सात लाख बीस हजार रुपये में नीलाम हुई। यह सब इस सुंदर जीव को बचाने के लिए है। इस महान काम में अमिताभ के सुपुत्र अभिषेक बच्चन भी उनके साथ थे।
स्वर कोकिला लता मंगेशकर ने सेव आवर टाइगर अभियान की तारीफ करते हुए अभिताभ से इसमें भाग लेने की इच्छा जताई। लता ने माइक्रो ब्लागिंग वेबसाइट ट्विटर पर लिखा, अमितजी सेव ऑवर टाइगर अभियान में शामिल होकर आप बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। इस अभियान में मैं भी आपके साथ शामिल होना चाहती हूं।













Click it and Unblock the Notifications