विकीलीक्स: असांज की गिरफ्तारी पर ब्राजील, रूस ने पश्चिमी देशों को लताड़ा

विकीलीक्स ने हाल में अमरीकी कूटनीतिक दफ़्तरों से भेजे गए अनेक केबल सार्वजनिक किए हैं. अमरीका ने इसे ग़ैरक़ानून बताया है और कहा है कि ये क़दम आंतरराष्ट्रीय समुदाय के लिए ख़तरा है.
जानिए - विकीलीक्स ने क्या तकनीक अपनाई
असांज के ख़िलाफ़ अंतरराष्ट्रीय पुलिस इंटरपोल का नोटिस जारी है और उन्हें मंगलवार को ब्रिटेन में गिरफ़्तार किया गया. उनके ख़िलाफ़ स्वीडन में कथित बलात्कार और छेड़छाड़ के मामले चल रहे हैं.
उनकी गिरफ़्तारी के बाद अदालत ने उन्हें ज़मानत देने से इनकार करते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया. ब्राज़ील के राष्ट्रपति लूला द सिल्वा ने जूलियन असांज की आलोचना करते हुए कहा है कि ये अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला है.
विकीलीक्स: भारत-पाक के बीच गुप्त समझौता
साओ पाओलो से पाओलो काबराल के अनुसार एक भाषण में राष्ट्रपति लूला ने कहा, "मैं आश्चर्यचकित हूँ कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय में विकीलीक्स के संस्थापक जूलियन असांज की गिरफ़्तारी का कोई विरोध नहीं हुआ है. जिन्होंने कूटनीतिक संदेश लिखे हैं सज़ा उन्हें मिलनी चाहिए, उन लोगों को नहीं जिन्होंने इनकी सूचनाएँ सार्वजनिक की हैं."
राष्ट्रपति लूला ने असांज के साथ एकजुटता व्यक्त करते हुए शिकायत की कि ब्राज़ील में भी मीडिया ने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हुए इस हमले का ज़्यादा विरोध नहीं किया है.
ग़ौरतलब है कि इससे पहले रूसी प्रधानमंत्री व्लादिमीर पुतिन ने असांज की गिरफ़्तारी की आलोचना की थी और कहा था कि ये पश्चिमी देशों के उन लोकतांत्रित मूल्यों के ख़िलाफ़ है जिनका वे दम भरते हैं.
एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पुतिन ने कहा, "अगर वहाँ (पश्चिमी देशों में) पूरी तरह लोकतंत्र कायम है तो उन्होंने असांज को जेल में छिपा क्यों दिया है. क्या ये लोकतंत्र है? हमारे गाँव में लोग कहते हैं कि जिनके घर शीशे के हों वे औरों पर पत्थर नहीं फेंकते."
विकीलीक्स पर अमरीकी कूटनीतिक संदेशों में रूस को एक तानाशाही के रूप में प्रस्तुत किया गया था. पुतिन ने इस ओर भी संकेत दिया कि ज़रूरी नहीं कि अमरीकी जो जानकारी दे रहे हैं वो पुष्ट ही हो.
उनका कहना था, "जहाँ तक जानी-मानी वेबसाइट विकीलीक्स पर प्रस्तुत की गई पूरी जानकारी की बात है, तो आप ख़ुद ही आकलन करें कि क्या अमरीकी कूटनीतिक सेवा जानकारी का सबसे स्वच्छ स्रोत है. क्या आप ये मानते हैं?"












Click it and Unblock the Notifications