आज भी नहीं चली संसद, JPC पर अड़ा रहा विपक्ष
नई दिल्ली। बुधवार को भी संसद नहीं चली। विपक्ष jpc मांग करती रही और सरकार अनसुनी करती रही। संसद के शीतकालीन सत्र के नौंवे दिन विपक्ष के लगातार हंगामे के कारण गतिरोध की स्थिति बरकरार है, जिसके चलते बुधवार को भी संसद में प्रश्नकाल नहीं हो पाया और लोकसभा तथा राज्यसभा की बैठकें शुरू होने के दो मिनट के भीतर ही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई। नौ नवंबर से शुरू हुए संसद के शीतकालीन सत्र में पहले दिन को छोड़कर रोज-रोज होने वाले हंगामे के कारण अभी तक दोनों सदनों में न तो प्रश्नकाल हो पाया है और न ही कोई खास कार्य।
लोकसभा में बुधवार को बैठक शुरू होते ही अध्यक्ष मीरा कुमार और राज्यसभा में सभापति हामिद अंसारी ने जैसे ही प्रश्नकाल शुरू करने को कहा, भाजपा, शिवसेना, जदयू और अन्नाद्रमुक तथा सपा, राजद और बीजद के अधिकतर सदस्य जेपीसी की मांग को लेकर नारेबाजी करते हुए आसन के समीप आ गए। ये सदस्य 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन घोटाला, आदर्श हाउसिंग सोसाइटी एवं राष्ट्रमंडल खेल सहित भ्रष्टाचार के विभिन्न मुद्दों की जेपीसी से जांच कराने की मांग पर अड़े हैं।













Click it and Unblock the Notifications