धन्वंतरी की पूजा कर पाईये शुभ-लाभ
धन्वंतरी को हिन्दू धर्म में देवताओं के वैद्य माना जाता है। ये एक महान चिकित्सक थे जिन्हें देव पद प्राप्त हुआ। हिन्दू धार्मिक मान्यताओं के अनुसार ये भगवान विष्णु के अवतार समझे जाते हैं। इनका पृथ्वी लोक में अवतरण समुद्र मंथन के समय हुआ था। शरद पूर्णिमा को चंद्रमा, कार्तिक द्वादशी को कामधेनु गाय, त्रयोदशी को धन्वंतरी, चतुर्दशी को काली माता और अमावस्या को भगवती लक्ष्मी जी का सागर से प्रादुर्भाव हुआ था। इसीलिये दीपावली के दो दिन पूर्व धनतेरस को भगवान धन्वंतरी का जन्म धनतेरस के रूप में मनाया जाता है।
इसी दिन इन्होंने आयुर्वेद का भी प्रादुर्भाव किया था। इन्हें भगवान विष्णु का रूप कहते हैं जिनकी चार भुजायें हैं। उपर की दोंनों भुजाओं में शंख और चक्र धारण किये हुये हैं। जबकि दो अन्य भुजाओं मे से एक में जलूका और औषध तथा दूसरे मे अमृत कलश लिये हुये हैं। इनका प्रिय धातु पीतल माना जाता है। इसीलिये धनतेरस को पीतल आदि के बर्तन खरीदने की परंपरा भी है।
इन्हे आयुर्वेद की चिकित्सा करनें वाले वैद्य आरोग्य का देवता कहते हैं। इन्होंने ही अमृतमय औषधियों की खोज की थी। इनके वंश में दिवोदास हुए जिन्होंने 'शल्य चिकित्सा' का विश्व का पहला विद्यालय काशी में स्थापित किया जिसके प्रधानाचार्य सुश्रुत बनाये गए थे। सुश्रुत दिवोदास के ही शिष्य और ॠषि विश्वामित्र के पुत्र थे। उन्होंने ही सुश्रुत संहिता लिखी थी। सुश्रुत विश्व के पहले सर्जन (शल्य चिकित्सक) थे। दीपावली के अवसर पर कार्तिक त्रयोदशी-धनतेरस को भगवान धन्वंतरि की पूजा करते हैं। कहते हैं कि शंकर ने विषपान किया, धन्वंतरि ने अमृत प्रदान किया और इस प्रकार काशी कालजयी नगरी बन गयी।
इस धनतेरस यदि आप कुछ खास खरीदने जा रहे हैं तो राशि के अनुसार बताई गई वस्तुएं अवश्य खरीदें। यह आपके लिए वर्षभर शुभ फल देने वाली रहेगी।
मेष- मेष राशि वाले लोग इस धन तेरस तांबे के बर्तन से खरीददारी शुरू करें। इस शुभ पर्व पर आपके लिए भूमि, भवन की खरीददारी लाभ दायक रहेगी।
वृष- चांदी के बर्तन और मूर्तियों की खरीददारी करना आपके लिए शुभ होगा।
मिथुन- सुखी जीवन के लिए आप कांसे की गणेश मूर्ति खरीदें और अपनी राशि के अनुसार घर सजाने के लिए हंस का जोड़ा अवश्य खरीदें।
कर्क- धन तेरस पर धन प्राप्ति के लिए आप सर्वश्रेष्ठ स्फटिक श्री यंत्र खरीदें
सिंह- इस शुभ पर्व पर सिंह राशि वालों कों तांबे का सूर्य खरीदना चाहिए।
कन्या- इस राशि के लोगों को कांसे के दीपक खरीदना चाहिए।
तुला- आप अपनी राशि के अनुसार चांदी का श्री यंत्र और सिक्का खरीदें।
वृश्चिक- इस पर्व पर आप तांबा और पंचधातु की खरीददारी की शुरूआत करें।
धनु- धन तेरस के पर्व पर आप भगवान विष्णु और लक्ष्मीजी की स्वर्ण प्रतिमा खरीदें।
मकर- मकर राशि वाले जातक राशि के अनुसार वाहन खरीदें।
कुंभ- अपने राशि स्वामी के अनुसार आप शनि का रत्न नीलम खरीदें।
मीन- आप इस पर्व पर कालीन, बेड शीट की खरीददारी करें।












Click it and Unblock the Notifications