उत्तर प्रदेश : सपा नेता का 'दबंग' बेटा गिरफ्तार
बरेली परिक्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक प्रकाश डी. ने गुरुवार को बताया कि अतुल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नशे की हालत में व्यस्त बाजार में गोलीबारी करने की वजह से उसे गिरफ्तार किया गया है। घटना में प्रयुक्त रायफल भी जब्त कर ली गई है। उन्होंने कहा कि घटना की जांच की जा रही है और फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि शोरूम में जाकर अतुल ने गोलीबारी क्यों की। इतना स्पष्ट है कि गोलीबारी के समय वह नशे में था।
पुलिस का कहना है कि घटना में प्रयुक्त राइफल का लाइसेंस निरस्त किया जाएगा। कोतवाली (शहर) प्रभारी राजा सिंह ने कहा कि राइफल का लाइसेंस निरस्त कराने की कार्रवाई की जाएगी। आरोपी के खिलाफ लाइसेंसी शस्त्र के दुरुपयोग का भी मामला दर्ज किया जाएगा। पुलिस सूत्रों के मुताबिक अतुल मोटरसाइकिल को ठीक कराने के बारे में जानकारी लेने शोरूम गया था। इस दौरान शोरूम के कर्मचारियों के साथ उसकी बहस हो गई। बहस के बाद अतुल ने कथित तौर पर नशे की हालत में ही गोलीबारी शुरू कर दी। गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि शोरूम के दो कर्मचारी घायल हो गए। घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।













Click it and Unblock the Notifications