पाक में बाबा फ़रीद की दरगाह के बाहर धमाका

लाहौर से बीबीसी संवाददाता इबादुल हक़ ने बताया कि ये धमाका सुबह की नमाज़ के वक्त हुआ, उस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे.पुलिस का कहना है कि कई दरगाहों पर हमलों के बाद से सुरक्षा कारणों से नमाज़ के वक्त बाबा फ़रीद की दरगाह के दरवाज़े बंद कर दिए गए थे.पुलिस ने मीडिया को बताया कि दो लोग मोटरसाइकिल पर आए थे और उससे दूध के डब्बे बंधे हुए थे जिनमें धमाका हुआ. ऐसा लगता है कि उन डब्बों में विस्फोटक सामग्री भरी हुई थी.
पुलिस ने सुरक्षा कारणों से दरगाह को सील कर दिया है.ग़ौरतलब है कि आठ अक्तूबर को कराची शहर में अब्दुल्लाह शाह ग़ाज़ी के मज़ार के भीतर दो आत्मघाती धमाके हुए थे जिसमें 10 लोग मारे गए थे और क़रीब 55 लोग घायल हो गए थे.इस हमले में पुलिस ने हमलावरों को रोकने की कोशिश की थी और इस दौरान उन्होंने अपने आपको बम से उड़ा लिया था.
इन हमलों की ज़िम्मेदारी तालिबान विद्रोहियों ने ली थी.इसके पहले लाहौर में जुलाई में दाता दरबार दरगाह पर दो आत्मघाती बम धमाके हुए थे.इन धमाकों में 40 से अधिक लोग मारे गए थे और लगभग 200 लोग घायल हुए थे.












Click it and Unblock the Notifications