राष्ट्रमंडल खेलों में भ्रष्टाचार: भाजपा नेता सुधांशु मित्तल के घर पर छापा
आयकर विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी से मिली जानकारी के मुताबिक मित्तल के दिल्ली स्थित आवास व कार्यालय पर छापेमारी की गई। मित्तल के एक निजी रिश्तेदार को खेल उपकरणों की आपूर्ति से जुड़े कुछ अनुबंध मिले थे। अधिकारी ने बताया, "मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि यह तलाशी अभियान है। हमें खातों और संबंधित दस्तावेजों की जांच करने एवं सभी रिकॉर्ड को खंगालने का काम मिला है। अगर जरूरी हुआ तो हम लोगों को हिरासत में लेंगे। "
अधिकारी ने कहा, "हम अनियमितताओं की जांच कर रहे हैं। इस बात की जांच की जा रही है कि अनुबंध में कोई अनियमितता तो नहीं बरती गई थी। फिलहाल मैं किसी व्यक्ति या कम्पनी का नाम सार्वजनिक नहीं कर सकता।" राष्ट्रमंडल खेलों में कथित घोटाले को लेकर कांग्रेस को कटघरे में खड़ा करने की भाजपा की कोशिशों को यह तगड़ा झटका है। एक समय मित्तल, भाजपा के दिवंगत नेता प्रमोद महाजन के करीबियों में गिने जाते थे।
गौरतलब है कि राष्ट्रमंडल खेलों के खत्म होने के बाद सरकार की ओर से भ्रष्टाचार की जांच के लिए पूर्व महालेखा परीक्षक वीके शुंगलू के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया था।













Click it and Unblock the Notifications