कर्नाटक: बागी विधायकों को घर लाने की जद्दोजहद में जुटी भाजपा
गोवा के होटल में ठहरे बागी
ज्ञात हो कि भाजपा के सभी 14 विधायक गोवा के एक पंचसितारा होटल में ठहरे हुए हैं। कुमारस्वामी ने इसी होटल में इन विधायकों से मुलाकात की। कुमारस्वामी को वहां देख भाजपा कार्यकर्ता नाराज हो गए और उन्होंने कुमारस्वामी के कार का घेराव किया। गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर ने संवादाताओं से बातचीत में कहा कि उन्होंने भाजपा के नौ और पांच निर्दलीय विधायकों से बात की है। उनके मुताबिक बातचीत सही दिशा में चल रही है।
उन्होंने कहा, "मैंने सभी से बात की है। सब कुछ सकारात्मक है। उन्होंने अभी-अभी मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा से बात की है। यह उनकी बगावत नहीं है। उनके कुछ मुद्दे हैं जिनके समाधान की कोशिशें की जा रही हैं।" उन्होंने कहा कि इस खेल में कांग्रेस की भूमिका भी स्पष्ट हो गई है। राज्य सरकार के तीन मंत्री भी होटल में डटे हुए हैं। कांग्रेस के नेता उन्हें संरक्षण दे रहे हैं।
भाजपा ने इस संकट को सुलझाने के लिए अपने वरिष्ठ नेता वेंकैया नायडू को बेंगलुरू भेजा है। वहां पहुंचते ही उन्होने दावा किया कि 11 अक्टूबर को विश्वास प्रस्ताव में येदियुरप्पा सरकार की नैया अवश्य पार होगी। उन्होंने कहा, "हमें बहुमत साबित करने का विश्वास है। संकट समाप्त हो जाएगा और असंतुष्ट विधायक पार्टी में लौट आएंगे।"
आरएसएस के कान खड़े
मजे की बात है कि पर्रिकर को भी होटल में प्रवेश करने से रोक दिया गया था। प्रवेश करने के लिए उन्हें सुरक्षाकर्मियों के साथ धक्कामुक्की तक करनी पड़ी। इस बीच, भाजपा ने विश्वास जताया है कि मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा बहुमत साबित करने में सफल होंगे।
बहरहाल भाजपा को इस संकट से उबारने में आरएसएस भी मैदान में कूद पड़ा है। सूत्रों का कहना है कि संघ के एक शीर्ष पदाधिकारी ने इस सिलसिले में कनार्टक के वरिष्ठ संघ पदाधिकारियों से बातचीत कर संकट टालने में सक्रिय भूमिका निभाने की हिदायत दी है। ज्ञात हो कि दक्षिण भारत में भाजपा की पहली सरकार कर्नाटक में ही बनी है और संघ नहीं चाहता कि किसी भी सूरत में यह राज्य भाजपा के हाथ से निकले।
नायडू के अलावा पार्टी महासचिव अनंत कुमार और पिछले साल येदियुरप्पा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले जनार्दन रेड्डी ने भी संकट टालने के लिए मोर्चा संभाल रखा है। सूत्रों का कहना है कि बागी विधायकों को मंत्रिमंडल में शामिल करने के फार्मूले के तहत संकट समाधान में पार्टी के दिग्गज जुटे हुए हैं।













Click it and Unblock the Notifications