कुरान जलाने से रोकने पर ईरान का पोप को धन्यवाद
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक अहमदीनेजाद ने पोप बेनेडिक्ट 16वें को एक पत्र लिखकर फ्लोरिडा के एक पादरी की कुरान जलाने की योजना की निंदा करने और विभिन्न धर्मो के बीच आपसी सहयोग की आवश्यकता पर जोर देने के लिए धन्यवाद दिया।
अहमदीनेजाद ने पोप को लिखे एक पत्र में कहा, "अमेरिका में फ्लोरिडा के एक पादरी द्वारा पवित्र कुरान को जलाए जाने की योजना की निंदा करने के लिए मैं आपको धन्यवाद देता हूं। पादरी के इस रुख से विश्व के करोड़ों मुसलामानों को काफी दुख पहुंचा था।" ईरान के उपराष्ट्रपति रेजा मिरताजोदीनि ने पोप को यह पत्र सौंपा।
गौरतलब है कि फ्लोरिडा के एक पादरी टैरी जोंस ने अमेरिका में हुए 9/11 आतंकी हमले की बरसी के मौके पर पवित्र कुरान की प्रतियों को अपने गिरजाघर में जलाने की घोषणा की थी लेकिन विश्व मे इसकी तीखी प्रतिक्रिया होने के बाद पादरी ने इस योजना को स्थगित कर दिया था।













Click it and Unblock the Notifications