भोपालियों को सड़क पर चलना सिखाएंगे फ्रांसीसी
इसके लिए राज्य सरकार और फ्रांस के बीच जल्दी ही एक समझौता किया जाएगा। राज्य के नगरीय प्रशासन मंत्री बाबू लाल गौड़ के नेतृत्व में फ्रांस से लौटे एक प्रतिनिधिमंडल और फ्रांस की सरकार के बीच सहमति बनी है। फ्रांस के आठ दिवसीय प्रवास से लौटे गौड़ ने बताया कि फ्रांस के पेरिस, रैन सिटी और लोरिएंट शहरों की सड़कें भोपाल की सड़कों से संकरी हैं तथा आबादी 40 से 50 लाख के बीच है, इसके बावजूद दिन में एक भी दुर्घटना नहीं होती।
इसकी वजह लोगों में सड़कों के बेहतर इस्तेमाल की समझ है। राज्य के लोगों में भी यह समझ विकसित हो इसके लिए फ्रांस के अधिकारी शिविर लगाकर प्रशिक्षण देंगें। यह प्रशिक्षण पूरी तरह से निशुल्क होगा। गौड़ ने आगे बताया कि पिछले दिनों फ्रांस का एक दल राज्य के दौरे पर आया था। इस दल ने भोपाल व अन्य जगहों का भ्रमण कर हेरिटेज स्थलों का निरीक्षण किया था।
इसी आधार पर फ्रांस ने प्रवास के दौरान हेरिटेज संरक्षण में दिलचस्पी दिखाते हुए करार करने की इच्छा जताई है। उन्होंने बताया है कि फ्रांस ने हेरिटेज संरक्षण, पर्यटन, परिवहन आदि क्षेत्रों में सहयोग की मंशा जताई है। वहीं दूसरी ओर मध्य प्रदेश संगीत, कला के अलावा अन्य क्षेत्रों में फ्रांस को सहयोग करेगा।













Click it and Unblock the Notifications