हाथियों के उत्पात के बाद ग्रामीणों को सुरक्षित जगह भेजा

रायपुर में वन मुख्यालय के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "पानेकतल गांव के लगभग 25 परिवारों को कुछ समय के लिए सुरक्षित स्थानों पर रखा जाएगा। गुरुवार को जंगली हाथियों ने इस गांव में हमला कर तीन वर्षीय बच्ची को कुचल दिया था और कई मकानों को भी नष्ट कर दिया था।"
पानेकतल गांव रायपुर से करीब 350 किलोमीटर दूर है। अधिकारियों का कहना है कि जंगली हाथियों के एक दूसरे समूह ने रामानूजगंज इलाके में उत्पात मचाया। हाथियों ने कच्चे मकान और फसले भी बर्बाद कर दीं। वन मुख्यालय ने सरगुजा जिले के अधिकारियों को तत्काल कदम उठाने तथा हाथियों को रिहायशी इलाकों से दूर करने के लिए निर्देश दिया।
गौरतलब है कि राज्य सरकार हर साल हाथियों के उत्पात में मारे गए लोगों तथा उनके मकानों और फसलों को हुए नुकसान के बदले लाखों रुपये की मुआवजा राशि देती है।












Click it and Unblock the Notifications